सीहोर। कलेक्टर बालागुरू के. की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में टीएल बैठक आयोजित की गई.
बैठक के दौरान कलेक्टरने मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को उपभोक्ताओं से बकाया राशि की वसूली को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को समय-समय पर बकाया राशि की सूचना दी जाए, ताकि वित्तीय वर्ष के अंत में राजस्व संग्रह का अनावश्यक दबाव न बने और कुर्की जैसी स्थिति उत्पन्न न हो. कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वसूली प्रक्रिया को व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए तिमाही लक्ष्य निर्धारित किए जाएं. साथ ही तय लक्ष्यों के अनुसार नियमित रूप से वसूली की कार्रवाई की जाए. समय पर सूचना और सतत वसूली से न केवल राजस्व में वृद्धि होगी, बल्कि बकाया राशि वाले उपभोक्ताओं को भी अधिभार के भार से राहत मिलेगी और बकाया राशि आसानी जमा कर सकेंगे. कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए. लोगों को जल समस्या का सामना न करना पड़े, गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जल स्रोतों का संरक्षण और वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया. आश्यकता पडऩे पर निजी बोरवेल अधिग्रहित किए जाएं.
