ग्वालियर: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित ‘मेरा युवा भारत केंद्र’ ग्वालियर से संबद्ध सफल युवा मंडल द्वारा तिघरा रोड पर एक अनूठी पहल करते हुए ‘नशे के रावण’ का दहन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और समाज को इस सामाजिक बुराई से मुक्त कराना था।
इस अवसर पर सफल युवा मंडल के अध्यक्ष अरविंद कुशवाह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, आज के समय में नशा हमारे समाज और विशेषकर युवा शक्ति को खोखला कर रहा है। दशहरा केवल रावण के पुतले को जलाने का त्योहार नहीं है, बल्कि हमारे भीतर और समाज में व्याप्त बुराइयों को खत्म करने का संकल्प है। आज हमने नशे के रावण का दहन कर यह संदेश दिया है कि युवा शक्ति संगठित होकर ही देश को नशामुक्त और सशक्त बना सकती है। हर युवा को इस अभियान से जुड़कर अपने आस-पास सकारात्मक बदलाव लाना होगा।
कार्यक्रम में योगेश, कुन्नू सहित भारी संख्या में स्थानीय युवा उपस्थित रहे। सभी उपस्थित युवाओं ने जीवन में कभी भी नशे को न अपनाने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की सामूहिक शपथ ली।
