कमर्शियल गैस सिलेंडर की किल्लत से होटल-रेस्तरां कारोबार प्रभावित

इंदौर. शहर में पिछले पांच दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडर की भारी किल्लत ने होटल, रेस्तरां और कैफे संचालकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. सप्लाई में करीब 25-30 प्रतिशत की कटौती और सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही अगली बुकिंग के नए नियम और कलेक्टर के कमर्शियल सिलेंडर पर रोक कारण शहर में 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडरों की उपलब्धता प्रभावित हो रही है. इसका सीधा असर होटल और रेस्तरां के कामकाज पर पड़ रहा है.

 

स्थिति यह है कि गैस खत्म होने के कारण शहर के एक दर्जन से अधिक होटल और रेस्तरां संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों पर ताला लगाना पड़ा है. होटल व्यवसायियों का कहना है कि रसोई में गैस खत्म होने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है.

 

प्रशासन के फैसले से बढ़ी समस्या

व्यवसायियों का कहना है कि प्रशासन ने घरेलू गैस की उपलब्धता बनाए रखने के लिए कमर्शियल सिलेंडरों के उपयोग पर कुछ रोक लगाई है. साथ ही सिलेंडर बुकिंग के लिए 25 दिन का अंतराल तय कर दिया गया है. होटल संचालकों के मुताबिक पहले सिलेंडर की बुकिंग कम दिनों में हो जाती थी, जिससे कामकाज में दिक्कत नहीं आती थी, लेकिन अब नए नियमों के कारण गैस की उपलब्धता बाधित हो रही है.

 

होटल संचालक वैकल्पिक व्यवस्था की ओर

होटल व्यवसायी अशोक जैन ने बताया कि प्रशासन का फैसला घरेलू उपभोक्ताओं के हित में हो सकता है, लेकिन इससे होटल व्यवसाय पर असर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि कई होटल संचालक अब वैकल्पिक व्यवस्था की तलाश कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने कमर्शियल इंडक्शन और अन्य उपकरणों का ऑर्डर दिया है, लेकिन इन्हें आने और व्यवस्थित होने में कुछ दिन लगेंगे. अशोक जैन के अनुसार यदि होटल चार-पांच दिन तक बंद रहते हैं तो नुकसान तो होगा ही. बाहर से आने वाले लोगों को भी भोजन की समस्या हो सकती है. हालांकि हम नई व्यवस्था अपनाने की कोशिश कर रहे हैं.

 

बाहर से आने वाले लोगों को हो रही परेशानी

कमर्शियल सिलेंडर की कमी का असर शहर में आने वाले लोगों पर भी दिखाई दे रहा है. रतलाम निवासी अनुरोध ने बताया कि जब वह सरवटे क्षेत्र में भोजन करने गए तो कई होटल बंद मिले. हालांकि कुछ होटल खुले थे, जहां भोजन मिल गया, लेकिन कई जगह गैस की कमी के कारण सेवाएं प्रभावित हैं.

 

 

 

नियमित ग्राहकों को भी बदलनी पड़ रही जगह

छोटी ग्वालटोली क्षेत्र में गैरेज का काम करने वाले सुनील ने बताया कि वह रोज सुबह काम पर आने के बाद पास के एक होटल में भोजन करते थे, लेकिन गैस की कमी के कारण वह होटल बंद है. अब उन्हें दूसरी जगह जाकर खाना खाना पड़ रहा है.

 

कीमतों में बढ़ोतरी से भी दबाव

होटल व्यवसायियों का कहना है कि हाल ही में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी भी हुई है, जिससे पहले ही लागत बढ़ चुकी है. ऐसे में सप्लाई में कमी और बुकिंग नियमों की सख्ती ने उनकी परेशानियां और बढ़ा दी हैं. व्यवसायियों का कहना है कि यदि जल्द ही गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो होटल और रेस्तरां उद्योग को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है. साथ ही शहर में आने वाले लोगों और नियमित ग्राहकों को भी भोजन की समस्या का सामना करना पड़ सकता है.

Next Post

जिला अस्पताल की लिफ्ट में जेब काटने की कोशिश, युवक रंगे हाथ पकड़ा

Sun Mar 15 , 2026
छतरपुर। डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में लिफ्ट के अंदर जेब काटने की कोशिश करते एक युवक को लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। गुस्साए परिजनों ने पहले उसकी पिटाई की, बाद में अस्पताल चौकी के माध्यम से उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर […]

You May Like