
छतरपुर। डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में लिफ्ट के अंदर जेब काटने की कोशिश करते एक युवक को लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। गुस्साए परिजनों ने पहले उसकी पिटाई की, बाद में अस्पताल चौकी के माध्यम से उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार इलाज के लिए आए एक मरीज के परिजन लिफ्ट से ऊपर जा रहे थे। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक युवक ने उनकी जेब से करीब 4 हजार रुपये निकालने की कोशिश की। जेब में हलचल महसूस होते ही पीड़ित ने युवक का हाथ पकड़ लिया और शोर मचा दिया, जिससे वहां मौजूद लोग इकट्ठा हो गए।
शोर सुनकर अस्पताल के गार्ड मौके पर पहुंचे और लोगों की मदद से युवक को पकड़कर अस्पताल चौकी की ओर ले जाया गया। इस दौरान गुस्साई भीड़ ने उसकी पिटाई भी कर दी। बाद में कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर युवक को भीड़ से बचाया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार युवक नशे की हालत में था और उसकी तबीयत भी ठीक नहीं थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे उसके घर भेज दिया गया। अस्पताल गार्डों के मुताबिक वह पहले भी परिसर में संदिग्ध गतिविधियों के दौरान पकड़ा जा चुका है, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
