जबलपुर:माढोताल थाना क्षेत्र में एक युवक को अपने ही दोस्त पर भरोसा करना महंगा पड़ गया। आरोपी ने पहले तो गाड़ी ट्रांसफर के नाम पर युवक को कई दिनों तक परेशान किया और फिर मौका मिलते ही उसकी सोने की चेन लेकर रफूचक्कर हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार लालमाटी सिद्धबाबा घमापुर निवासी रोहित पटेल (27) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दीपक पटेल उसका दोस्त था। पिछले कई दिनों से गाड़ी ट्रांसफर कराने के काम के लिए परेशान कर रहा था।
रोहित उसे आरटीओ स्थित अपनी दुकान पर लेकर गया। वहां दीपक के पिता शिव भक्त पटेल और भाई मोनू पटेल भी मौजूद थे। दुकान पर बातचीत के दौरान आरोपी दीपक पटेल की नजर रोहित के गले में पड़ी सोने की चेन पर थी। उसने चेन देखने की इच्छा जताई और रोहित को दुकान के सामने ले गया। रोहित को लगा कि दीपक शायद मजाक कर रहा है, इसलिए उसने अपनी 2 तोले की सोने की चेन और उसमें लगा एम अक्षर वाला 2 तोले का लॉकेट कुल वजन 4 तोला उतारकर दीपक को दिखा दिया। दीपक चेन हाथ में लेते ही वहां से खिसक गया। जब काफी देर तक दीपक वापस नहीं आया, तो रोहित को अनहोनी का शक हुआ। उसने दीपक के भाई मोनू पटेल से उसे फोन लगवाया। मोनू ने भी फोन पर दीपक को हिदायत दी कि रोहित की चेन वापस कर दो, उसे परेशान मत करो, लेकिन दीपक नहीं माना। इसके बाद जब रोहित ने खुद फोन लगाया, तो दीपक ने उसे गुमराह किया और फरार हो गया।
