इंदौर: शहर के पश्चिम क्षेत्र में आज जलप्रदाय नहीं होगा. इसका कारण यह है कि नर्मदा पहले और दूसरे चरण की पाइप लाइन लीकेज हो गई. लीकेज सुधार कार्य करने के कारण जलप्रदाय नहीं होगा.नर्मदा प्रथम एवं द्वितीय चरण की 1400 एम.एम. व्यास की जीआरपी पाइपलाइन आज सुबह लीकेज हो गई. इस कारण दोनों चरणों के सभी पंपों को तत्काल बंद करना पड़ा. तत्काल पाइपलाइन सुधार कार्य किया गया तथा आवश्यक मरम्मत पूर्ण होने के उपरांत नर्मदा प्रथम एवं द्वितीय चरण के पंपों को दोपहर 2.25 बजे पुनः प्रारंभ कर दिया.
पाइपलाइन लीकेज के कारण कल बिलावली टंकी एवं अन्नपूर्णा टंकी क्षेत्र में जलप्रदाय प्रभावित रहा. वहीं पंप बंद रहने के कारण आज सुबह भी जलप्रदाय टंकियों में पूर्ण क्षमता से जल भंडारण नहीं हो सकेगा. आयुक्त क्षितिज सिंघल ने आज बिजलपुर स्थित नर्मदा कंट्रोल रूम में नर्मदा पाइपलाइन लीकेज सुधार कार्यों एवं जल आपूर्ति की समीक्षा की. आयुक्त ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में पानी की वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए. इस दौरान अपर आयुक्त आशीष पाठक सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे.
प्रभावित होने वाली टंकियां
अन्नपूर्णा, स्कीम क्रमांक-103, छत्रीबाग, राज मोहल्ला, द्रविड़ नगर, लोकमान्य नगर, महाराणा क्षेत्र, नरवल, अगरबत्ती क्षेत्र, कुशवाह मोहल्ला, टिगरिया, बाणगंगा, सुभाष चौक, सदर बाजार, जिंसी हाट, मल्हार आश्रम, गांधी हॉल क्षेत्र, भक्त प्रहलाद नगर.
