मुंबई, 18 जून (वार्ता) नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया ने अपने प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए पूंजी बाजार नियामक सेबी के पास रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस का प्रारूप जमा करा दिया है।
कंपनी देश के प्रमुख शेयर बाजार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का संचालन करती है।
एनएसई ने बुधवार देर रात बताया कि कंपनी ने भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के अलावा शेयर बाजार बीएसई के पास भी रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस का प्रारूप जमा कराया है, जहां वह सूचीबद्ध होगी।
प्रारूप के अनुसार, आईपीओ के तहत एक रुपये अंकित मूल्य वाले 14,89,05,525 इक्विटी शेयर बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। उसके इस प्रस्ताव को अभी नियामकीय मंजूरी मिलनी शेष है। आईपीओ का समय बाजार की परिस्थितियों के हिसाब से बाद में तय किया जायेगा।
एनएसई के जो शेयरधारक अपने शेयर बेच रहे हैं उनमें भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, स्टॉक होल्डिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, जेनरल इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी, नेशनल इंश्योरेंस कंपनी और यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के अलावा तीन विदेशी संस्थान एमएस स्ट्रेटेजिक (मॉरिशस) लिमिटेड, कनाडा पेंशन प्लान इनवेस्टमेंट बोर्ड और एरांडा इनवेस्टमेंट (मॉरिशस) पीटीई लिमिटेड शामिल हैं।
