
ग्वालियर। साइबर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद है कि अब वह आईएएस अधिकारियों के नाम का भी दुरूपयोग करने लगे है। साइबर अपराधियों ने ग्वालियर के नगर निगम कमिश्नर अमन वैष्णव के नाम का उपयोग करते हुये निगम के कुछ अधिकारियों को ही वाटसएप संदेश दिये। कमिश्नर के फर्जी मैसेज से अधिकारी अवाक रह गये और उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी निगम कमिश्नर अमन वैष्णव को दी।
इसके बाद निगम कमिश्नर अमन वैष्णव ने तत्काल ग्वालियर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह को साइबर अपराधियों द्वारा उनके नाम का दुरूपयोग करने की लिखित में शिकायत दी। वैष्णव ने बताया कि दूरभाष क्रमांक 918187002868 से उनके अधीनस्थ डा. प्रदीप श्रीवास्तव उपायुक्त व श्रीकांत कांटे कार्यपालन यंत्री को संदेश उनके नाम से दिये गये। वैष्णव ने शिकायत में कहा है कि साइबर शाखा से उक्त संदेश की जांच कराकर संबंधित साइबर अपराधी के खिलाफ कार्रवाई की जाये।
