
मऊगंज। मऊगंज जिले में खनिज पदार्थों के अवैध भण्डारण और परिवहन पर लगातार कार्यवाही की जा रही है. कलेक्टर मऊगंज संजय कुमार जैन ने इस संबंध में बताया कि हनुमना तहसील के ग्राम सरदमन और हर्रई प्रताप में प्रशासन ने अवैध उत्खनन के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई की है. खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग के संयुक्त दल द्वारा क्रेशर आधारित पत्थर उत्खनन पट्टों की सघन जांच की गई. इस दौरान पाया गया कि कुछ पट्टाधारक स्वीकृत क्षेत्र की सीमा से बाहर जाकर बोल्डर पत्थर का अवैध उत्खनन कर रहे थे. नियमों के उल्लंघन और अवैध गतिविधियों को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर सख्त रुख अपनाया. कार्रवाई के दौरान अवैध उत्खनन में लिप्त भारी मशीनों और वाहनों को जब्त किया गया है. प्रशासन द्वारा तीन पोकलेन चेनमाउंट मशीन, एक पोकलेन चेनमाउंट ब्रेकर, दो डंपर, एक ट्रैक्टर और एक डीजी ड्रिलर ब्लास्टिंग मशीन को मौके से जब्त किया गया है. जब्त किए गए वाहनों और मशीनों पर संबंधित अधिनियमों के तहत वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है. कार्रवाई करने वाले दल में तहसीलदार शिवम गौतम, सहायक खनिज अधिकारी सुमित राजपूत तथा पुलिस बल शामिल रहा.
