नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) नेता एवं राज्यसभा सदस्य संदोष कुमार पी. ने दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शनों की कवरेज कर रहे पत्रकारों के कथित उत्पीड़न, हिरासत और रिपोर्टिंग में बाधा डालने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर कड़ा विरोध जताया है। श्री कुमार ने कहा कि दिल्ली में पत्रकारों को पुलिस की कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। कई संस्थानों के पत्रकारों को रिपोर्टिंग से रोके जाने और हिरासत में लिए जाने की घटनाएं गंभीर हैं। सांसद ने पीआईबी मान्यता को पत्रकारिता की अनिवार्य शर्त बनाने पर भी सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र पत्रकारों और डिजिटल मीडिया को भी रिपोर्टिंग का अधिकार है।
ऐसी पाबंदियां प्रेस की स्वतंत्रता और जनता के सूचना पाने के अधिकार का उल्लंघन हैं। उन्होंने गृह मंत्री से पुलिस को पत्रकारों का उत्पीड़न रोकने, हिरासत की घटनाओं की जांच कराने और दोषियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश देने की मांग की। गौरतलब है की दिल्ली में विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन को कवर करने के दौरान कथित तौर पर कई पत्रकारों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था।

