जबलपुर: माढ़ोताल थाना अंतर्गत पाटन बायपास के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने मोटरसाइकिल सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सूखा निवासी आदित्य कोल अपने दोस्तों के साथ क्षेत्र में सजे पंडालों में दुर्गा प्रतिमा के दर्शन करने के लिए निकला था। देर रात सभी दोस्त माता के दर्शन करने के बाद अपनी बाइक से वापस घर लौट रहे थे।
वापसी के दौरान जैसे ही युवकों की मोटरसाइकिल माढ़ोताल थाना क्षेत्र में पाटन बायपास के समीप पहुंची, तभी अचानक सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। गंभीर चोटें आने की वजह से आदित्य कोल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। घायल युवक को तत्काल मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मृतक आदित्य कोल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुए मर्ग कायम कर लिया है। दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस बायपास के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है
