
इंदौर। राहुल गांधी का इंदौर में 19 सितंबर को छात्रों की गूंज कार्यक्रम है, लेकिन कार्यक्रम स्थल आज तक तय नहीं हुआ है। शहर कांग्रेस द्वारा प्रशासन से कई स्थलों की मांग की गई है, किंतु प्रशासन ने अभी तक एक भी स्थान पर सहमति और अनुमति नहीं दी है। अब आईडीए ने कांग्रेस के आवेदन पर रीजनल पार्क मैदान का किराया मांगा साढे 10 लाख
रुपए ।
राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर छात्रों के पंजीयन का सिलसिला 2 लाख के करीब पहुंच गया है। अभी कार्यक्रम में 10 दिन बाकी है। छात्रों के रजिस्ट्रेशन और कांग्रेस के दावों से प्रशासन असमंजस में है।
ज्ञात हो कि शहर कांग्रेस द्वारा अगस्त माह के आखिरी हफ्ते से शहर के कई स्थानों को लेकर मांग की गई हैं, जिनमें नेहरू स्टेडियम प्राथमिकता पर था। नगर निगम ने नेहरू स्टेडियम देने से मना कर दिया। इसके बाद कांग्रेस ने आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज का मैदान , यूनिवर्सिटी का मैदान , रीजनल पार्क मैदान , डेली कॉलेज मैदान की मांग एवं अनुमति मांगी। कलेक्टर ने रीजनल पार्क मैदान के लिए कांग्रेस को आईडीए आवेदन करने का कहा था।
शहर कांग्रेस द्वारा आईडीए को रीजनल पार्क मैदान का आवेदन दिया है। आज रीजनल पार्क मैदान को लेकर आईडीए ने किराए को लेकर 10.50 लाख का डिमांड नोट भेज दिया है।
आईडीए सीईओ डॉ परीक्षित झाड़े ने कहा कि रीजनल पार्क मैदान पर आयोजन के लिए कांग्रेस ने आवेदन दिया था। आज आईडीए से उक्त कार्यक्रम के लिए कांग्रेस को डिमांड नोट भेज दिया है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि आईडीए का डिमांड नोट कांग्रेस को नहीं मिला है। जब उनको किराया राशि की जानकारी दी गई , तो उन्होंने कहा कि डिमांड नोट आने के बाद बात करेंगे।
पुलिस ने इनकार नहीं किया
दूसरी ओर पुलिस प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के लिए अनुमति देने से मना करने वाली चर्चा झूठी
निकली है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने कहा कि पुलिस द्वारा कांग्रेस के कार्यक्रम हेतु अनुमति देने से इनकार नहीं किया गया है।
