
नर्मदापुरम। नेशनल लोक अदालत का आयोजन शनिवार को जिला न्यायालय नर्मदापुरम सहित इटारसी, पिपरिया, सोहागपुर और सिवनी मालवा के तहसील न्यायालयों में किया गया। इस लोक अदालत में कुल 2121 प्रकरण प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 2114 प्रकरणों का सफल निराकरण किया गया तथा लगभग 12 करोड़ 98 लाख 42 हजार रुपये से अधिक की अवार्ड राशि पारित की गई।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली और मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नर्मदापुरम द्वारा यह आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती तृप्ति शर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
लोक अदालत में लंबित 864 प्रकरणों में से 857 का निराकरण करते हुए 11 करोड़ 24 लाख 22 हजार 433 रुपये के अवार्ड पारित किए गए। वहीं विभिन्न विभागों के 1257 प्रीलिटिगेशन प्रकरणों का भी निपटारा कर 1 करोड़ 74 लाख 19 हजार 612 रुपये की वसूली सुनिश्चित की गई। इस प्रक्रिया से कुल 3896 पक्षकार लाभान्वित हुए।
मोटर दुर्घटना दावा, चेक बाउंस, आपराधिक शमनीय, वैवाहिक, विद्युत, संपत्तिकर, जलकर और बैंक रिकवरी से जुड़े मामलों का भी बड़ी संख्या में समाधान किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विजय कुमार पाठक ने बताया कि अधिवक्ताओं एवं संबंधित विभागों के सहयोग से लोक अदालत सफल रही।
