साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ सीरीज से पहले रिजवान की वनडे कप्तानी पर संशय

इस्लामाबाद, 19 अक्टूबर (वार्ता) दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ आगामी सीरीज से पहले पीसीबी द्वारा जारी बयान करने के बाद मोहम्मद रिजवान की पाकिस्तान की वनडे कप्तानी पर संशय की स्थिति पनप गई है। पीसीबी ने अपने बयान में कहा है कि आगामी सीरीज के लिए कप्तान को लेकर निर्णय लेना बाक़ी है। पीसीबी ने कहा था कि सफ़ेद गेंद प्रारूप के कोच माइक हेसन ने वनडे कप्तानी पर अंतिम निर्णय लेने के लिए चयन समिति की बैठक बुलाई है।

बयान में रिजवान का कोई ज़िक्र नहीं था जिन्हें पिछले साल वनडे कप्तान नियुक्त किया गया था और उनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया, ज़िम्बाब्वे और दक्षिण अफ़्रीका में वनडे सीरीज में जीत हासिल की थी। हालांकि 2025 में परिणाम उतने अच्छे नहीं रहे। घर पर त्रिकोणीय सीरीज के फ़ाइनल में न्यूजीलैंड के हाथों हार मिलने के साथ ही पाकिस्तान चैंपियंस ट्रॉफी के शुरुआती दौर से ही बाहर हो गया। इसके अलावा पाकिस्तान को घर के बाहर सीरीज में वेस्टइंडीज के हाथों भी हार मिली।

रिजवान के भविष्य को लेकर जारी तमाम अटकलों के बीच उनकी कप्तानी पर मंडरा रहे संशय के बादलों को लेकर कोई क्रिकेटिंग कारण नहीं दिया गया। उनकी बल्लेबाजी या कीपिंग फ़ॉर्म में गिरावट नहीं आई है, वह इस साल वनडे में पाकिस्तान के लिए दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने इस साल 36 से अधिक की औसत के साथ 361 रन बनाए हैं। इस समय जारी दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मैच में उन्होंने सलमान आग़ा के साथ 163 रनों की साझेदारी में 75 रन बनाए जिसके चलते पाकिस्तान को 1-0 की बढ़त लेने में मदद मिली।

हालांकि रिजवान को अभी तक आधिकारिक तौर पर हटाया नहीं गया है, लेकिन इस बयान से यह लगभग तय हो गया है। मोहसिन नकवी के पीसीबी अध्यक्ष बनने के कुछ ही समय बाद शाहीन शाह अफरीदी का भी टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में यही हश्र हुआ था। उस समय, नवनियुक्त अफरीदी ने सिर्फ़ एक सीरीज में कप्तानी की थी, लेकिन जब एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में उनके बारे में पूछा गया, तो नकवी ने साफ तौर पर इस बात की पुष्टि करने से इनकार कर दिया कि वह इस पद पर बने रहेंगे।

नक़वी ने उस समय कहा था, “मुझे भी नहीं पता कि कप्तान कौन होगा। शाहीन बने रहेंगे या कोई नया कप्तान आएगा, यह फिटनेस कैंप के बाद तय होगा। हम कई तकनीकी पहलुओं पर विचार करेंगे, जिनके बारे में मैं विस्तार से नहीं बताना चाहता। हम एक दीर्घकालिक समाधान चाहते हैं, चाहे वह शाहीन हों या कोई नया। और फिर हम उस कप्तान के साथ बने रहने का इरादा रखते हैं, बजाय इसके कि सिर्फ़ मैच हारने पर कप्तान बदल दिया जाए।”

एक हफ़्ते बाद, शाहीन को कप्तानी से हटा दिया गया और उनकी जगह बाबर आजम को कप्तान बना दिया गया। विवाद तब और बढ़ गया जब पीसीबी ने शाहीन की ओर से एक बयान प्रकाशित किया, जिसे उन्होंने न तो लिखा था और न ही मंज़ूरी दी थी। ईएसपीएन क्रिकइंफो को पता चला है कि खिलाड़ी और बोर्ड के बीच अब रिश्ते बेहतर हो गए हैं।

हेसन तकनीकी रूप से वनडे कप्तान के निर्धारण या नियुक्ति के प्रभारी नहीं हैं, और चयन समिति में भी नहीं हैं। हालांकि, ऐसा प्रतीत होता है कि नकवी ने इस मामले को चयन और सलाहकार समितियों के समक्ष रखने पर सहमति व्यक्त की है, जो या तो पीसीबी में हेसन के वर्तमान प्रभाव को दर्शाता है, या यह तथ्य कि बोर्ड शुरू से ही बदलाव के ख़िलाफ नहीं था। पीसीबी के अनुसार, समिति सोमवार को बैठक करेगी और उसी समय निर्णय होने की उम्मीद है।

Next Post

गाजा पट्टी में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय सैन्य दल का नेतृत्व कर सकता है मिस्र

Sun Oct 19 , 2025
मॉस्को, 19 अक्टूबर (वार्ता) मिस्र गाजा पट्टी में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय सैन्य दल का नेतृत्व कर सकता है और इसमें अजरबैजान, इंडोनेशिया और तुर्की भी अपना योगदान दे सकते हैं। द गार्जियन अखबार ने सूत्रों के हवाले से शनिवार को अपनी रिपोर्ट में बताया कि अमेरिका और […]

You May Like