भिंड: जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण आहार वितरण में अनियमितताओं के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय जैन को विभाग ने निलंबित कर दिया है। निलंबन का प्रमुख कारण विधानसभा में आंगनबाड़ी और स्व-सहायता समूहों से संबंधित गलत जानकारी प्रस्तुत करना बताया जा रहा है।
भिंड जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों पर वितरित किए जाने वाले पोषण आहार के लिए स्व-सहायता समूहों को कानूनी नियमों को नजरअंदाज कर ठेके दिए गए। इस मामले को भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह और गोहद विधायक केशव देसाई ने विधानसभा में उठाया था। विभाग की ओर से इन प्रश्नों के असंतोषजनक उत्तर दिए गए। जब जांच में पता चला कि विधानसभा को गलत जानकारी भेजी गई तो भोपाल से डीपीओ संजय जैन को निलंबित करने का आदेश जारी किया गया है।
