नयी दिल्ली, 15 नवंबर (वार्ता) दिल्ली थोक जिंस बाजार में पिछले सप्ताह सीमित दायरे के कारोबार में घट-बढ के बीच चावल , अधिकतर दालों और खाद्य तेलों में कुल मिला कर गिरावट का रुख रहा। त्योहारी मांग का दबाव कम होने से आटा भी एक सप्ताह पहले की तुलना में सप्ताहांत 13 रुपये नीचे आ गया था पर गेहूं के भाव में हल्की तेजी दिखी। सप्ताह के दौरान चीनी में कुल 21 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गयी जबकि गुड़ का भाव करीब करीब पिछले सप्ताह के स्तर पर ही बंद हुआ।
साप्ताहिक कारोबार में सामान्य किस्म का चावल इससे पिछले सप्ताहांत के करीब 4379 रुपये प्रति क्विंटल की जगह इस सप्ताहांत 4367 पर बंद हुआ। बीच के दिनों में हल्की घट-बढ़ के साथ चावल में कुल मिला कर 12 रुपये की नरमी दिखी।
गेहूं पिछले सप्ताहांत के 2955 रुपए से कुल मिलाकर छह रुपये तेज हो कर इस सप्ताहांत लगभग 2961 रुपये क्विंटल पर बंद हुआ। सप्ताह के दौरान आटा 13 रुपये नीचे आ गया। दालों में चना मांग के समर्थन से 8731-8732 रुपये के इर्द गिर्द बना रहा। तुअर एक सप्ताह पहले के 12624 रुपये क्विंटल से 28 रुपये नीचे खिसक कर 12596 के स्तर पर आ गयी। उड़द दाल कुल मिला कर नौ रुपये गिर कर 11780 रुपये के भाव बोली गयी। मांग और पूर्ति में अंतर के चलते मूंग एक सप्ताह पहले की तुलना में 43 रुपये प्रति क्विंटल नीचे आ गयी थी जबकि मसूर दाल सीमित दायरे में घट बढ़ के बीच 8233 -8234 रुपये प्रति क्विंटल के स्तर पर बनी रही।
खाद्य तेलों में घट बढ़ के बीच मूंगफली पिछले सप्ताहांत की तुलना में इस सप्ताहांत के प्रति क्विंटल 99 रुपये घट कर 19847 रुपये , सरसों 63 रुपये की गिरावट के साथ 19971 , वनस्पति 62 रुपये घट कर 15926, सोया आयल 42 रुपये गिर कर 15895 , तेल सूरज मुखी 61 रुपये नीचे खिसक कर लगभग 18228 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर आ गया था। इसके विपरीत पाम आयल कुल मिला कर करीब 175 रुपये की तेजी के साथ 14529 रुपये प्रति क्विंटल के स्तर पर था। रुपये पर दबाव और मलेशिया में पाम आयल वादा में सप्ताह के दौरान तेजी से घरेलू कीमतों पर असर दिखा। सप्ताह के दौरान गुड़ हल्की घट-बढ़ के साथ 60।5-6016 रुपये के स्तर पर बना रहा। चीनी एक सप्ताह पहले के 5627 से 21 रुपये चढ़ कर 5648 रुपये क्विंटल पर पहुंच गयी।
