कंबोडिया-थाईलैंड संघर्ष में मरने वालों की संख्या हुई 52

नोम पेन्ह/बैंकॉक, 17 दिसंबर (वार्ता) कंबोडिया और थाईलैंड के बीच चल रहे सैन्य संघर्ष में सैनिकों एवं नागरिकों सहित 52 लोग मारे जा चुके हैं, जबकि करीब सात लाख लोगों को विस्थापित होने पर मजबूर होना पड़ा है।समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने कंबोडिया के रक्षा मंत्रालय के हवाले से कहा कि अब तक कंबोडिया के 17 नागरिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 77 अन्य घायल हुए हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस संघर्ष की वजह से 4.38 लाख लोग अपने घर छोड़ने के लिये मजबूर हुए थे।

रिपोर्ट में रक्षा मंत्रालय के हवाले से कहा गया कि बुधवार सुबह से थाई सैनिक कंबोडिया के ओद्दार मीनचे, बंतेय मीनचे और पुरसात प्रांत पर हमले के लिये मशीन गन वाले टैंक, बम गिराने वाले ड्रोन और एफ-16 लड़ाकू विमान का इस्तेमाल कर रहे थे।इस बीच, अनादोलू एजेंसी ने थाई अधिकारियों के हवाले से कहा कि अब तक 19 थाई सैनिक और 16 थाई नागरिक संघर्ष में अपनी जान गंवा चुके हैं। करीब 2.2 लाख थाई नागरिकों को सीमांत इलाकों से अपना घर छोड़ना पड़ा है।

उल्लेखनीय है कि कंबोडिया-थाईलैंड सीमा विवाद सात दिसंबर से दोबारा शुरू हुआ है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला शुरू करने का आरोप लगाया है। दोनों देशों ने अक्टूबर में कुआलालंपुर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की मौजूदगी में एक शांति समझौता किया था, लेकिन बाद में सीमावर्ती प्रांत में लैंडमाइन विस्फोट में थाई सैनिकों के गंभीर रूप से घायल होने के बाद इसे निरस्त कर दिया गया था।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के शुक्रवार को यह कहने के बावजूद झड़पें जारी रहीं कि थाईलैंड और कंबोडिया के नेताओं ने संघर्षविराम पर सहमति जताई है। थाई विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मराती नलिता एंडामो ने कहा कि कोई भी संघर्षविराम कुछ खास शर्तों को पूरा करना चाहिए और विश्वसनीय होना चाहिए। उन्होंने कंबोडिया से आग्रह किया कि वह संघर्ष खत्म करने के लिए “सीमा पर बारूदी सुरंग हटाने के प्रयासों में ईमानदारी से सहयोग करे।”

Next Post

मांडविया ने पहली बार वर्ल्ड कप जीतने पर भारतीय स्क्वैश टीम को किया सम्मानित

Wed Dec 17 , 2025
नयी दिल्ली, 17 दिसंबर (वार्ता) केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने बुधवार को ऐतिहासिक विश्व कप जीतने वाली भारतीय स्क्वैश टीम को सम्मानित किया। जोशना चिनप्पा, अभय सिंह, वेलवन सेंथिलकुमार और अनाहत सिंह की मिश्रित टीम ने पिछले शनिवार को चेन्नई में इतिहास रचा था। इस जीत के साथ […]

You May Like