शिक्षक दिवस पर 50 शिक्षकों का सम्मान, कवि सम्मेलन में भाव-विभोर हुए श्रोता

भोपाल। बाबूलाल गौर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भेल में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह एवं कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। संस्कृति संचालनालय, मध्यप्रदेश के प्रायोजन और सोसायटी ऑफ एनजीओ अवेयरनेस, अवधपुरी के सहयोग से हुए कार्यक्रम में महाविद्यालय के लगभग 50 शिक्षकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध कवि संजय सिंह रहे, जबकि अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार जैन ने की। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, मां सरस्वती और डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि से हुई। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, गुरु वंदना और भजन की प्रस्तुतियां दीं।

सम्मान समारोह में सोसायटी ऑफ एनजीओ अवेयरनेस के अध्यक्ष महेन्द्र प्रसाद शर्मा ने प्राचार्य डॉ. संजय कुमार जैन सहित करीब 50 शिक्षकों का सम्मान किया। संस्था की ओर से विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 विद्यार्थियों को भी पारितोषिक प्रदान किया गया।

इसके बाद आयोजित कवि सम्मेलन में विद्यार्थियों श्रीया विश्वकर्मा, मनन दीक्षित, प्राची विश्वकर्मा और तुषार पाण्डेय ने गुरु को केंद्र में रखकर स्वरचित कविताओं का पाठ किया। भोपाल के शायर नितेश ने शायरी प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी।

मुख्य अतिथि कवि संजय सिंह की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। उनकी मार्मिक रचनाओं पर सभागार में मौजूद कई श्रोता भावुक हो गए। कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. कमलेश सिंह नेगी ने किया। समापन पर छात्रा श्रीया विश्वकर्मा ने अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और आयोजन से जुड़े सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय का शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। समारोह ने शिक्षक-शिष्य परंपरा की गरिमा और शिक्षकों के प्रति सम्मान व कृतज्ञता की भावना को रेखांकित किया।

Next Post

कानीपुरा दोहरे हत्याकांड में 2 आरोपी हिरासत में, अब तक 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी

Sat Sep 5 , 2026
उज्जैन। बीयर पार्टी के दौरान करणी सेना के 2 गुटों में 26-27 अगस्त की रात खूनी संघर्ष हो गया। एक गुट ने 2 को मौत के घाट उतार दिया। घटनाक्रम के दूसरे दिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था, जो रिमांड पर थे। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही […]

You May Like