
उज्जैन। बीयर पार्टी के दौरान करणी सेना के 2 गुटों में 26-27 अगस्त की रात खूनी संघर्ष हो गया। एक गुट ने 2 को मौत के घाट उतार दिया। घटनाक्रम के दूसरे दिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था, जो रिमांड पर थे। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर 2 ओर आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया। अब तक 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिसमें एक नाबालिग शामिल है।
चिमनगंज थाना क्षेत्र के कनीपुरा स्थित मार्ग पर लक्की दरबार ढाबा पर हुये संघर्ष में करणी सेना प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल दरबार उर्फ विजयप्रताप पिता दिलीपसिंह 42 साल निवासी नीमनवासा जितेन्द्र उर्फ टम्मू पिता निर्भयसिंह पंवार निवासी उंडासा की तलवार चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने हत्या और बलवे का प्रकरण दर्ज कर हत्या के मुख्य आरोपी रहे करणी सेना के पूर्व नगर अध्यक्ष शक्तिसिंह अटल, अर्पित अटल, अन्ना उर्फ अनिल, राघव बैरागी और दुर्गेश उर्फ संजय परमार के साथ एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया था। नाबालिग को बाल संप्रेक्षणगृह भेज, पांच आरोपियों को रिमांड पर लिया गया था। जिनसे लगातार पूछताछ जारी थी। दोहरे हत्याकांड से जुड़े 2 अन्य आरोपियों अंकित मालवीय और सचिन को हिरासत में ले लिया गया। थाना प्रभारी विवेक कनोडिय़ा ने बताया कि पूर्व में रिमांड पर चल रहे पांच आरोपियों को रिमांड खत्म होने पर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है। हिरासत में लिये गये 2 आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जायेगा। हत्या में आरोपियों की संख्या 12 से 15 पहुंच सकती है।
