भोपाल में गेहूं खरीदी का महाअभियान समाप्त: 3.44 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं खरीदी, पिछले वर्ष का रिकॉर्ड ध्वस्त

भोपाल: राजधानी में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य गुरुवार, 28 मई को अंतिम दिन देर रात 12 बजे तक जारी रहा. पिछले वर्ष जिले में करीब 3.26 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी हुई थी, जबकि इस वर्ष 27 मई तक 3 लाख 44 हजार 405 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी दर्ज की जा चुकी है. जिला खाद्य प्रशासन द्वारा 28 मई तक की अंतिम खरीदी के आंकड़े शुक्रवार को जारी किए जाएंगे. चालू वित्तीय वर्ष में प्रशासन ने 3.50 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदी का लक्ष्य तय किया था, जिसके पूरा होने की संभावना जताई जा रही है.
अंतिम दिन जिले के उपार्जन केंद्रों पर किसानों की भारी भीड़ देखने को मिली. किसानों ने स्लॉट के अनुसार गेहूं की तुलाई कराकर समर्थन मूल्य पर विक्रय किया. जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार खरीदी का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है. जिले के 37 हजार 407 किसानों ने गेहूं विक्रय के लिए पंजीयन कराया था, जिनमें से 34 हजार 95 किसान अब तक अपना गेहूं बेच चुके हैं.

गुरुवार को 93 उपार्जन केंद्रों पर करीब 800 किसान गेहूं लेकर पहुंचे, जो अब तक विक्रय नहीं कर पाए थे. भीषण गर्मी के बीच किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में गेहूं भरकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे. कई केंद्रों पर पेयजल, शौचालय और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
प्रदेश सरकार द्वारा खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाकर 28 मई किए जाने से किसानों को राहत मिली. यदि समय सीमा नहीं बढ़ाई जाती तो सैकड़ों किसान तुलाई से वंचित रह सकते थे. हालांकि तुलाई की तारीख बढ़ाई गई, लेकिन स्लॉट बुकिंग की अवधि में कोई वृद्धि नहीं की गई.

Next Post

गेहूं उपार्जन में मप्र ने रचा इतिहास, देश में बना नंबर वन : सीएम डॉ यादव

Fri May 29 , 2026
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश ने गेहूं उपार्जन के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि प्रदेश में किसानों से 104 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं की रिकॉर्ड खरीदी की गई है। इसके साथ ही गेहूं […]

You May Like