
छतरपुर। बामीठा थाना क्षेत्र के बाहरपूरा गांव में पटाखा फटने से एक मासूम बालक गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार बाहरपूरा निवासी आकाश पाल खेलते समय घर के आसपास था। इसी दौरान उसे कहीं से एक पटाखा मिला। मासूम ने जिज्ञासावश पटाखे में आग लगा दी, लेकिन पटाखा अचानक फट गया और वह उसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन तत्काल घायल बच्चे को लेकर छतरपुर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है। चिकित्सकों द्वारा बच्चे की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
परिजनों ने शनिवार 30 मई को दोपहर करीब 2 बजे घटना की जानकारी दी। घटना के बाद क्षेत्र में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है। लोगों ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को पटाखों और अन्य खतरनाक वस्तुओं से दूर रखें।
