झूलते बिजली तार की चपेट में आने से किसान की मौत

देवास। जिले के ग्राम चांदना में खेत पर सिंचाई कार्य के दौरान झूलते बिजली तार की चपेट में आने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मेंढकी धाकड़ निवासी 52 वर्षीय कन्हैयालाल मालवीय के रूप में हुई है। घटना से क्षेत्र में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कन्हैयालाल मालवीय ग्राम चांदना स्थित खेत पर पानी फेर रहे थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली विभाग की लाइन का तार अत्यधिक नीचे झूल रहा था, जो अचानक उनके संपर्क में आ गया। तेज करंट लगने से वे गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित बिजली लाइन लंबे समय से जर्जर हालत में थी और तार नीचे लटके हुए थे। इस संबंध में पूर्व में भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन बिजली विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। समय रहते सुधार किया जाता तो इस हादसे को टाला जा सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। वहीं मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

ग्रामीणों ने खेतों से गुजर रही सभी बिजली लाइनों की तत्काल जांच कर आवश्यक सुधार कार्य कराए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Next Post

धारदार हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार

Tue Jan 20 , 2026
भोपाल।ऐशबाग थाना पुलिस ने एक युवक को अवैध धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी को रायसेन रोड स्थित एक शादी हॉल के पास पकड़ा गया. आरोपी हथियार से हमला करने की फिराक में था, इससे पहले ही उसे गिरफ्तार किया गया. मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार को देर […]

You May Like