कांवड़ मेले में सुरक्षा सर्वोपरि: बजरंग सेतु का ग्लास पाथ पूरी तरह ढका, 18 कर्मचारी और पुलिस बल चौबीसों घंटे तैनात

ऋषिकेश, (वार्ता) उत्तराखंड के ऋषिकेश में श्रावण कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने बजरंग सेतु पर मंगलवार को विशेष सुरक्षा इंतजाम किए। पुल के आकर्षण का केंद्र रहे ग्लास पथ को पूरी तरह टीन की चादरों से ढक दिया गया है, ताकि भीड़ के दबाव के बीच किसी भी तरह की दुर्घटना या अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लोक निर्माण विभाग के 18 कर्मचारियों के साथ पुलिस बल की भी चौबीसों घंटे तैनाती की गई है।

लोक निर्माण विभाग के अधिकारी प्रवीण कर्णवाल ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ इसी पुल से होकर गुजरती है। इसे देखते हुए कांच वाले हिस्से को दोनों ओर से पूरी तरह कवर कर दिया गया है, जिससे अब श्रद्धालुओं को ग्लास पाथ दिखाई नहीं देगा। पुल पर पहले से तैनात विभागीय गार्डों के अलावा पुलिस भी लगातार निगरानी कर रही है।

उन्होंने बताया कि पुल की सुरक्षा एवं रखरखाव के लिए विभाग के 18 कर्मचारियों को तीन-तीन घंटे की शिफ्ट में लगाया गया है। पुल के दोनों छोरों पर छह-छह कर्मचारी लगातार ड्यूटी पर रहेंगे, जबकि शेष कर्मचारी निगरानी और रखरखाव की जिम्मेदारी संभालेंगे। यह व्यवस्था पूरे कांवड़ मेले तक प्रभावी रहेगी।

प्रवीण कर्णवाल ने कहा कि मेले के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। यदि कोई व्यक्ति पुल अथवा उसकी संरचना को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से बजरंग सेतु पर एहतियाती कदम उठाए गए हैं, ताकि लाखों शिवभक्त सुरक्षित और सुगम तरीके से अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

 

 

Next Post

फेसबुक पर रील देखते मोबाइल में डाउनलोड हुआ एप, खाते से उड़े 2.74 लाख

Wed Jul 29 , 2026
जबलपुर: गढ़ा निवासी बुजुर्ग को फेसबुक पर रील देखना भारी पड़ गया। रील्स देखने के दौरान एक विज्ञापन पर क्लिक होने से बुजुर्ग का मोबाइल हैक हो गया और मोबाइल में खतरनाक एप डाउनलोड हो गया। जिसके बाद साइबर ठग ने बिना किसी ओटीपी या जानकारी के उनके सेंट्रल बैंक […]

You May Like