जबलपुर: अधारताल थाना अंतर्गत इमलिया मोड़ पर बदमाशों ने शराब के लिए एक हजार रुपये न देने पर एक डेयरी संचालक के ऑफिस में जमकर उत्पात मचाया और पत्थर मारकर सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। शोर मचाने और विरोध करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गोहलपुर मोतीनाला निवासी 46 वर्षीय राहुल समैया इमलिया मोड़ पर समैया डेयरी का संचालन करते हैं। जब वह अपने डेयरी स्थित ऑफिस में बैठे थे, तभी क्षेत्र के दो बदमाश समीर ठाकुर और सचिन रजक वहां धमक पड़े।
आरोपियों ने शराब पीने के लिए राहुल से 1,000 रुपये की मांग की। जब राहुल समैया ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो दोनों आरोपी तैश में आकर पत्थर उठाए और ऑफिस में सुरक्षा के लिए लगे सीसीटीवी कैमरों को निशाना बनाकर उन्हें तोड़ दिया। इतना ही नहीं, आरोपी डेयरी की छत पर चढ़ गए और काफी देर तक हंगामा करते रहे। जब संचालक ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से रफूचक्कर हो गए।
