इंदौर: विजयनगर थाना क्षेत्र में शादी की बातचीत के बहाने युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. पुलिस ने आरोपी कार्तिक चौधरी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है.थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि 18 वर्षीय पीड़िता ने शिकायत में बताया कि उसकी शादी की बात कार्तिक चौधरी से चल रही थी. इसी दौरान आरोपी ने उसे 8 फरवरी को मेघदूत गार्डन में मिलने के लिए बुलाया. युवती अपनी बुआ के साथ वहां पहुंची थी.
आरोप है कि बातचीत के बहाने आरोपी ने युवती को अकेले में बुलाया और अश्लील टिप्पणी करते हुए गलत नियत से उसके साथ छेड़छाड़ की. इस दौरान उसने जबरन उसके सीने पर हाथ रखा और मोबाइल से फोटो भी खींच लिए. विरोध करने पर युवती वहां से हटकर अपनी बुआ के पास चली गई. घटना के बाद युवती ने परिजनों को जानकारी दी और सोमवार देर रात थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस व पोक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
