सतना : पिछले कुछ दिनों से चटख धूप खिलने और तापमान चढऩे के जारी क्रम के बीच सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली. शहर में जहां बादलों की गडग़ड़ाहट के साथ बूंदाबांदी देखने को मिली. वहीं जिले के कुछ हिस्से में मध्यम बारिश भी हुई. मौसम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को शहर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जो कि पिछले दिन की तुलना में भले ही 1.9 डिग्री कम आंका गया. लेकिन इसके बावजूद भी यह सामान्य की तुलना में 0.2 डिग्री अधिक पाया गया.
इसी कड़ी में रात का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटे में जहां 1.5 डिग्र्री का इजाफा पाया गया. वहीं सामान्य की तुलना में यह 3.7 डिग्री सेल्सियस अधिक आंका गया. लेकिन सोमवार की सुबह से ही आसमान में मंडरा रहे बादल दोपहर होते-होते गहराने लगे. इसी दौरान गरज से के साथ बूंदाबांदी शुरु हो गई. बूंदाबांदी का क्रम कुछ देर तक रुक रुक जारी रहा. जिसके कुछ देर बाद मौसम सामान्य होता नजर आने लगा.
यह बात और है कि हुई बूंदाबांदी के चलते शहर की सडक़ें भीग गईं. लेकिन यह बूदें मौसम कार्यालय के मापन यंत्र में दर्ज नहीं हो सकीं. जबकि जिले के रामपुर बघेलान और उचेहरा क्षेत्र में कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ मध्यम बारिश दर्ज की गई. मौसम कार्यालय के अनुसार अलग अलग स्थानों पर बूंदाबांदी की घटना मंगलवार को भी कुछ स्थानों पर देखने को मिल सकती है. लेकिन उसके बाद मौसम साफ हो जाएगा. वहीं सोमवार को बदले मौसम के तेवर को देखते हुए तिल्ली और मसूर की खेती करने वाले किसानों को चिंता सताने लगी.
