
कानपुर। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर भोगलपुर चौराहे के पास रविवार तड़के ओवरटेक के प्रयास में टूरिस्ट बस आगे चल रहे आलू लदे ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस के कंडक्टर समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल छह यात्रियों को सीएचसी हरदो से फतेहपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।बस गाजियाबाद से वाराणसी जा रही थी। उसमें चालक और कंडक्टर समेत करीब 40 यात्री सवार थे। हादसे की सूचना पर कस्बा इंचार्ज गिरीश द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने बस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर दो एंबुलेंस व पुलिस वाहनों से सीएचसी पहुंचाया। बस करीब 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से जा रही थी। भोगलपुर चौराहे पर ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान बस का बायां हिस्सा ट्रक से टकरा गया। बस की ऊपरी बर्थ पर सो रहे 31 वर्षीय आशीष कुमार पुत्र सुधीर कुमार, निवासी करबल नगर, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली और 34 वर्षीय आशीष गुप्ता पुत्र श्याम सुंदर गुप्ता, निवासी सुल्तानपुर घोष, फतेहपुर की मौत हो गई।आशीष कुमार बस में अतिरिक्त कंडक्टर थे, जबकि आशीष गुप्ता नोएडा में रहकर व्यापारिक विषयों की तैयारी कर रहे थे।
