नारी राग-रंग महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ, महिलाओं की प्रतिभा को मिला सशक्त मंच

अनूपपुर, नवभारत। श्रद्धा महिला मंडल एवं मानव संसाधन विभाग, एसईसीएल बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय नारी राग-रंग महोत्सव 2026 का गुरुवार को वसुंधरा क्लब, क्षेत्रीय मुख्यालय हसदेव क्षेत्र में भव्य शुभारंभ हुआ। 25 एवं 26 जून तक चलने वाले इस महोत्सव में जागृति महिला समिति एवं मानव संसाधन विभाग, हसदेव क्षेत्र के संयोजन में महिला अधिकारी, महिला कर्मचारी तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पत्नियां उत्साहपूर्वक भाग ले रही हैं। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जागृति महिला समिति की अध्यक्षा डॉ. सरोज बाला बिश्नोई रहीं। उनके साथ समिति की पदाधिकारी रूना मित्रा, पूनम रानी, रूपा दत्ता, माला तिवारी एवं तृप्ति पांडे भी उपस्थित रहीं। दीप प्रज्ज्वलन, वंदे मातरम् तथा कोल इंडिया गीत की सामूहिक प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि का पौधा भेंटकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन स्टाफ ऑफिसर (मानव संसाधन) डी. डी. तिवारी ने दिया। इसके पश्चात प्रबंधक (मानव संसाधन) अमन कुमार ने नारी राग-रंग महोत्सव की रूपरेखा प्रस्तुत की। सभी प्रतिभागियों एवं निर्णायक मंडल ने शपथ ग्रहण किया तथा निर्णायकों का परिचय एवं स्वागत किया गया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ. सरोज बाला बिश्नोई ने महिलाओं की प्रतिभा, सृजनात्मकता एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने में ऐसे आयोजनों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

महोत्सव के प्रथम दिवस पर स्वागत गीत एवं स्वागत नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों के साथ मेहंदी, आर्ट एंड क्राफ्ट, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, पेंटिंग, ड्राइंग, रंगोली, मोनो एक्ट, एंकरिंग, मिमिक्री, स्टैंड-अप कॉमेडी, नाटक तथा एकल गीत जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उपस्थितजनों की सराहना प्राप्त की। महोत्सव के निर्णायक मंडल में डॉ. सरोज बाला बिश्नोई, श्रीमती रंजीता कुमार, श्रीमती रूना मित्रा, श्रीमती रूपा दत्ता एवं श्रीमती माला तिवारी शामिल हैं, जिनके मार्गदर्शन में प्रतियोगिताओं का सफल संचालन किया जा रहा है।

महोत्सव के दूसरे दिन 26 जून को एकल नृत्य, समूह गीत एवं समूह नृत्य प्रतियोगिताओं के साथ समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। नारी राग-रंग महोत्सव 2026 का उद्देश्य महिला अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवार की महिलाओं को उनकी सांस्कृतिक, कलात्मक एवं रचनात्मक प्रतिभाओं के प्रदर्शन के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है। महोत्सव का प्रथम दिवस उत्साह, सहभागिता और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा।

Next Post

राम मंदिर से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई: कन्हैयालाल मिश्रा

Fri Jun 26 , 2026
अनूपपुर। भारतीय गणवार्ता पार्टी (भगवा पार्टी) के जिला अध्यक्ष कन्हैयालाल मिश्रा ने अयोध्या स्थित भगवान श्रीराम मंदिर से जुड़े वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों पर निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग करते हुए कहा कि करोड़ों सनातन हिंदुओं की आस्था से जुड़े किसी भी विषय पर सत्य सामने आना आवश्यक है। […]

You May Like