
ब्यावरा: अमेरिका-इजराइल की ईरान के साथ चल रही जंग का असर अब नगर में दिखाई देने लगा है, गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होने पर अब गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने लम्बी लाईने लगने लगी है, शुक्रवार को नगर में एजेंसी पर ऐसी ही लम्बी लाईन सिलेंडर लेने वाले उपभोक्ताओं की देखी गई, शुक्रवार को एजेंसी पर पूर्व से मौजूद स्टॉक एवं एक गाड़ी सिलेंडर के वितरण पश्चात स्टॉक खत्म हो गया.
गौरतलब है कि जंग के बीच गैस सप्लाई प्रभावित होने के बाद मध्य प्रदेश के महानगरों, शहरों में सिलेंडर की कमी सामने आने लगी. अब नगर में भी इसका प्रभाव दिखने लगा है, कमर्शियल सिलेंडर के साथ ही अब घरेलू उपयोग वाले सिलेंडर को लेकर भी उपभोक्ताओं की दिक्कते बढऩे लगी है. प्रशासन द्वारा जिले में गैस सिलेंडर की कमी नहीं होने की बात कहते हुए सिलेंडर वितरण पर सतत् निगरानी रखी जा रही है.
सुबह से पहुंच रहे एजेंसी पर
घरेलू उपयोग वाले गैस सिलेंडर की बुकिंग के चार से पांच दिन बाद भी होम डिलेवरी नहीं होने पर उपभोक्ता गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंचने लगे है. गैस एजेंसी प्रबंधन के अनुसार शुक्रवार को स्टॉक में रखे 202 तथा गाड़ी में आये 342 सिलेंडर का वितरण उपभोक्ताओं में कर दिया गया. इसके बाद स्टॉक पूरी तरह खत्म हो गया. एजेंसी प्रबंधन के अनुसार नगर में रोजाना दो गाड़ी सिलेंडर की खपत हो रही है, जबकि गाड़ी 1 ही आ पा रही है, इस तरह डिमांड के अनुसार आधे ही सिलेंडर आ पा रहे है. विगत दिवस हुई बैठक में कहा गया था कि यदि किसी गैस एजेंसी के बाहर लोगों की अनावश्यक लंबी कतार लगती है, तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दी जाए, ताकि समय रहते व्यवस्था बनाई जा सके. प्रशासन द्वारा कहा गया कि गैस सिलेंडरों की होर्डिंग और कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में नहीं होना चाहिए.
रोजाना ली जा रही स्टॉक और खपत की जानकारी
गैस सिलेंडर को लेकर प्रशासन द्वारा सतत् निगरानी रखी जा रही है. रोजान इस बात की जानकारी ली जा रही है कि कितने सिलेंडर उपभोक्ताओ ं को दिए गये और कितना स्टॉक बचा है. शुक्रवार को नायब तहसीलदार सहित अधिकारीद्वय एजेंसी कार्यालय पर पहुंचे तथा सिलेंडरों के वितरण एवं स्टॉक को लेकर जानकारी ली गई.
परेशानी के मद्देनजर करने लगे स्टॉक
जानकारी के अनुसार कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई को आगे से रोक दी गई है, किंतु स्थानीय स्तर पर एवं जिले में फिलहाल कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई सुचारु होना बताया जा रहा है. स्थानीय गैस एजेंसी के संचालक के अनुसार कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई आगे से रुकी है लेकिन नगर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई उपभोक्ताओं को पूर्व की तरह सुचारु की जा रही है. कमर्शियल गैस सिलेंडर के द्वारा होटल एवं अन्य व्यवसाय करने वालो के अनुसार फिलहाल गैस सिलेंडर मिलने में किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं है. इसी प्रकार घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर भी कोई दिक्कत नहीं है. परन्तु आगामी दिनों में संकट बढऩे के चलते किसी प्रकार की कोई दिक्कत खड़ी न हो जाये इसके चलते सिलेंडर लेने की होड़ सी मच गई है. इस संबंध में जिला आपूर्ति अधिकारी अजीत सिंह का कहना है कि गैस सिलेंडर को लेकर जिले में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है. सिलेंडर वितरण व्यवस्था पर बराबर निगरानी रखी जा रही है. टीमों के द्वारा सिलेंडर वितण एवं स्टॉक अदि के बारे में प्रतिदिन जानकारी ली जा रही है.
शादी ब्याह को लेकर चिंता भी बढ़ी
प्रशासन द्वारा नगर एवं जिले में गैस सिलेंडर की किल्लत की स्थिति नहीं होने की बात कही जा रही है, किंतु आने वाले दिनों में शादी ब्याह के चलते गैस सिलेंडर की मांग बढऩे तथा इनकी किल्लत न हो जाये इन सब बातों ने आमजन को चिंतित अवश्य कर रखा है. इसको लेकर भी लोग सिलेंडर के स्टॉक की व्यवस्था में लगे हुए है.
कालाबाजारी करने वालों पर होगी कड़ी कार्यवाई
जिले में गैस सिलेंडर की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा हेतु जिला मुख्यालय पर प्रशासनिक बैठक गुरुवार को आयोजित की गई, जिसमें सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि पेट्रोल पंपों एवं गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया जाएगा. यदि कहीं गैस सिलेंडरों की होर्डिंग या कालाबाजारी पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाएगी. बैठक में जिले के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. बैठक में जिले की सभी गैस एजेंसियों के संचालकों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई. बैठक में घरेलू एवं व्यावसायिक गैस कनेक्शन, गैस रिफिलिंग की स्थिति, गैस आपूर्ति में आने वाली संभावित समस्याओं तथा एजेंसियों में उपलब्ध वर्तमान स्टॉक की समीक्षा की गई.
यह भी निर्देशित किया गया कि प्रत्येक गैस एजेंसी को अपने यहां उपलब्ध गैस सिलेंडर के स्टॉक की जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा. इस व्यवस्था का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी संबंधित एसडीएम एवं एसडीओपी को दी गई है. प्रशासन और पुलिस की संयुक्त फ्लाइंग स्क्वाड गठित कर जिले के सभी पेट्रोल पंपों एवं गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया जाएगा. यदि कहीं गैस सिलेंडरों की होर्डिंग या कालाबाजारी पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाएगी
