
इंदौर. फीनिक्स सिटाडेल मॉल से कैश कलेक्शन कर बैंक में जमा करने जा रहे रेडियंट कैश मैनेजमेंट कंपनी के कर्मचारी से 8 लाख 11 हजार की लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का खुलासा हो गया है. पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें फीनिक्स मॉल में कार्यरत दो कर्मचारी, एक रैपिडो राइडर और एक चाइनीज फूड वेंडर शामिल है. साथ ही दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगी है. गिरफ्तार आरोपी करीब एक माह से वारदात की रैकी कर रहे थे. इन्होंने पीड़ित के मूवमेंट को ट्रैक कर सुनसान इलाके बायपास ब्रिज पर झपट्टा मारकर रकम से भरा बैग लूट लिया था. लूट की रकम से आरोपियों ने शॉपिंग की, एफडी कराई और जुए में भी पैसा लगाया.
सांवेर में रहने वाले फरियादी अचपल ओड जो रेडियंट कैश मैनेजमेंट कंपनी में कलेक्शन का काम करता है, ने दस जून को कनाडिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. उसने बताया कि वह रोजाना की तरह बाइक से अलग-अलग शोरूम्स से कलेक्शन कर रहा था. फीनिक्स मॉल स्थित 12 दुकानों से कैश कलेक्शन के बाद वह बायपास के रास्ते बैंक ऑफ इंडिया, बिचौली मर्दाना जा रहा था. उसी दिन दोपहर करीब 1.30 बजे कनाडिया बायपास ब्रिज पर अचानक एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने पीछा करते हुए उसके पीठ पर टंगे बैग को झपट लिया. झपटा इतना तेज़ था कि फरियादी बाइक समेत सड़क पर गिर गया था. फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने तुरंत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी थी.
पुलिस की जांच में पता चला कि इस पूरी वारदात को शातिराना तरीके से योजना के अनुसार अंजाम दिया गया. फीनिक्स मॉल के कोको कार्ट नामक चॉकलेट शॉप में काम करने वाली गुनगुन सिरोहिया नामक युवती ने ही इस पूरी साजिश की योजना बनाई थी. वही मॉल में कलेक्शन करने वाले की हर गतिविधि पर नजर रखती थी. वहीं राज पंवार और पियुष उर्फ प्रिंस नामक आरोपी, जो हेजेंडा आइसक्रीम पार्लर और चाइनीज दुकान पर काम करते हैं, ने रेपिडो राइडर ज्ञानेन्दु शर्मा की मदद से मिनट दर मिनट लोकेशन शेयर की. जब कलेक्शन एजेंट मॉल से निकला तो बाहर मौजूद बाइक सवार बदमाशों को व्हाट्सएप कॉल के जरिए सूचना दी गई. नकाबपोश आरोपियों ने पीछा कर बायपास ब्रिज पर वारदात को अंजाम दे दिया था. मामले में पुलिस ने जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया उनमें हेजेंडा आइसक्रीम पार्लर में काम करने वाला 22 वर्षीय राज पंवार ने ही घटना करने की जानकारी दी थी. इसके साथ दूसरा आरोपी ज्ञानेन्दू शर्मा जो मूवमेंट की निगरानी कर सूचना दे रहा था, रैपिडो बाइक राइडर है. तीसरी आरोपी कोको कार्ट कंपनी में काम करने वाली 22 वर्षीय सुनगुन सिरोहिया जो लूट कांड की मुख्य साजिशकर्ता है. तथा चौथा आरोपी 22 वर्षीय पियुष उर्फ प्रिंस जो चाइनीज फूट स्टॉल संचालक हैं, उसने झपट्टामार मारा था. जबकि पान की दुकान चलाने वाला वैभव नासिकर देवास के भगवती विहार का रहने वाला हैं, तथा छोटी खजरानी में रहने वाला प्रकाश मावी जो पैकिंग का काम करता था दोनों फरार है, पुलिस उनकी तलाश कर रही है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 20 हजार नगद, एक आईफोन के साथ ही घटना में उपयोग की गई मोटरसाइकिल के साथ रैकी में इस्तेमाल की गई होंडा एक्टिवा भी जब्त की है.
