जबलपुर: पुलिस लाइन स्थित हॉकी ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय कृषि मेला एवं श्रीअन्न फूड फेस्टिवल का शुक्रवार को भव्य एवं गरिमामय समारोह के साथ समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह रहे। उन्होंने जिले के प्रगतिशील किसानों को सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की। अपने संबोधन में श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में कृषि क्षेत्र में कई नवाचार किए जा रहे हैं, ताकि किसानों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य मिल सके।
उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीक, प्राकृतिक खेती और मिलेट्स को अपनाकर आय बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोटिया तथा जिला पंचायत की कृषि स्थायी समिति के सदस्य राजेश पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मेले के दौरान आयोजित जैविक उत्पाद एवं मिलेट्स व्यंजन प्रतियोगिता में विजेताओं को नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रथम पुरस्कार 5100 रुपये आजीविका मिशन को, द्वितीय पुरस्कार 3100 रुपये पातालकोट की रसोई को, तृतीय पुरस्कार 2100 रुपये मिलेट्स फूड को तथा चतुर्थ पुरस्कार 1100 रुपये मिलेट मैनिया को दिया गया। इसके साथ ही मेले में शामिल सभी स्टॉल संचालकों को सहभागिता प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। मेले में जिले के सफल किसानों की प्रेरणादायक कहानियों का भी प्रदर्शन किया गया।
किसानों की समस्याओं का हुआ समाधान
समापन समारोह से पहले आयोजित तकनीकी सत्र में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों की समस्याओं का समाधान करते हुए उन्नत खेती की जानकारी दी। इस सत्र में डॉ. एस. बी. अग्रवाल ने दलहनी फसलों की उन्नत तकनीक, डॉ. एम. एल. केवट ने तिलहनी फसलों के उत्पादन, सुरेश पहाड़े ने लघुधान्य (मिलेट्स) की मार्केटिंग रणनीति, डॉ. ए. के. सिंह ने इंटीग्रेटेड न्यूट्रिएंट मैनेजमेंट के माध्यम से मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने तथा ताराचंद बेलजी ने प्राकृतिक खेती के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी।
इनका रहा सहयोग
समापन समारोह में छिंदवाड़ा जिले के उप संचालक कृषि जितेन्द्र सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उप संचालक कृषि डॉ. एस. के. निगम ने सभी किसानों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहायक संचालक कृषि रवि आम्रवंशी, अनुविभागीय कृषि अधिकारी डॉ. इंदिरा त्रिपाठी, प्रतिभा गौर, कीर्ति वर्मा, मनीषा पटेल, अराधना सिंह एवं रश्मि मोदी के सक्रिय सहयोग की सराहना की।
