श्रीनगर, 06 जनवरी (वार्ता) जम्मू-कश्मीर में कल रात से पूरे कश्मीर में ठंड का कहर जारी है और गुलमर्ग में इस मौसम का सबसे कम तापमान करीब शून्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया, जबकि ज़्यादातर दूसरे स्टेशनों पर भी पारे में तेज़ गिरावट देखी गयी।
मौसम विभाग ने पूरे कश्मीर में न्यूनतम तापमान में काफ़ी गिरावट का अनुमान जताया है। दस जनवरी तक पारा सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे रहने का अनुमान है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी होने के आसार है, जिससे मौजूदा शीत लहर की स्थिति से कुछ राहत मिलेगी।
विभाग के आंकड़ों के अनुसार श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 4.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पिछली रात यह माइनस 3.6 डिग्री सेल्सियस था। घाटी की सबसे ठंडी जगह गुलमर्ग में तापमान माइनस 8.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछली रात के माइनस 8.8 से थोड़ा ज़्यादा है। पर्यटक रिसॉर्ट में इस मौसम की यह सबसे ठंडी रात थी।
विभाग के अनुसार पहलगाम के हिल रिसॉर्ट में तापमान में काफ़ी गिरावट देखी गयी, जहां पारा माइनस 6.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो एक रात पहले माइनस 4.8 डिग्री सेल्सियस था। दक्षिण कश्मीर में पुलवामा में तापमान माइनस 5.4 डिग्री सेल्सियस , शोपियां में माइनस 6.0 डिग्री सेल्सियस और काज़ीगुंड में माइनस 3.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो पिछली रात से ज़्यादा ठंडा था।
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में भी ज़्यादा ठंड रही, जहां न्यूनतम तापमान पिछली रात के माइनस 1.8 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले माइनस 3.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
विभाग ने छह जनवरी को हल्के से लेकर आम तौर पर बादल छाये रहने का अनुमान जताया है, साथ ही उत्तरी और मध्य कश्मीर के कुछ ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी का भी अनुमान है। सात से 15 जनवरी तक मौसम हल्के बादल छाये रहने की उम्मीद है, यह सिलसिला 16 और 18 जनवरी को भी जारी रहने के आसार हैं।
उल्लेखनीय है कि कश्मीर घाटी अभी सर्दियों के सबसे भीषण दौर चिल्लई कलां से गुज़र रही है। इक्कीस दिसंबर से शुरू हुआ यह दौर 40 दिनों तक चलता है। चिल्लई कलां की शुरुआत में गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग जैसे लोकप्रिय पर्यटक स्थल सहित ऊंचाई वाले इलाकों में ताज़ा बर्फबारी हुई।
