बच्चियों की चोरी की अफवाह से सेमरिया बाजार में मचा हड़कंप

सेमरिया।सीधी जिले के सेमरिया क्षेत्र में बच्चियों के चोरी की अफवाह के वायरल वीडियो ने अचानक माहौल को गरमा दिया। बढ़ौरा से लेकर सेमरिया थाना तक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक कंटेनर ट्रक को लेकर फैली अफवाह के बाद हजारों की संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस से कंटेनर खुलवाने की मांग करने लगे।

दरअसल नेशनल हाईवे-39 पर बढ़ौरा इलाके में खड़े एक कंटेनर ट्रक को लेकर यह अफवाह फैल गई कि उसमें बच्चों को भरकर ले जाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि ट्रक का चालक कुछ बच्चियों को पैसे दे रहा था और खाने-पीने का सामान दे रहा था, जिसे बच्चियों ने लेने से इनकार कर दिया।

बच्चियां रोते हुए गांव के ही एक व्यक्ति के पास पहुंचीं और पूरी बात बताई। इसके बाद उस व्यक्ति ने ट्रक चालक से सवाल किया कि वह अनजान जगह पर बच्चियों को पैसे क्यों दे रहा है। इसी दौरान कुछ लोगों ने बच्चा चोरी की आशंका जताई और देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई।

मामले की सूचना डायल-112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक अफवाह इतनी फैल चुकी थी कि हजारों की संख्या में लोग सेमरिया थाना पहुंच गए और कंटेनर को खोलकर जांच करने की मांग पर अड़ गए।

पुलिस ने लोगों को शांत कराते हुए कंटेनर खुलवाया। जांच के दौरान कंटेनर में 15 से 20 लीटर के प्लास्टिक के कई ड्रम मिले, जिनमें लकड़ी का बुरादा भरा हुआ था।फिलहाल पुलिस ट्रक चालक सहित मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

इनका कहना है-

कैंटेनर ट्रक चालक के बच्ची का जन्म दिन शनिवार को था। इसी के चलते बढ़ौरा में उसके द्वारा स्कूल से परीक्षा देकर लौट रही कुछ बच्चियों को 100 रूपये कुछ खाने के लिए दिया जा रहा था लेकिन बच्चियों ने नहीं लिया। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक व्यक्ति को भी रुपए देने का प्रयास किया गया जिससे बच्चियों को कुछ खिलाया जा सके किंतु उसने भी नही लिया। इसी बीच कुछ लोगों ने चालक को बच्चा चोर बताकर अफवाह फैला दी गई और डायल 112 में शिकायत की गई। पुलिस मौके पर पहुंची और चालक और कैंटेनर ट्रक को थाना लाकर पूंछतांछ की गई। जांच में मामला फर्जी पाया गया।

केदार परौहा , थाना प्रभारी सेमरिया

Next Post

बिहार के मजदूर की नीमच की फैक्ट्री में संदिग्ध मौत

Mon Mar 9 , 2026
नीमच। जिले के सगराना क्षेत्र में निर्माणाधीन गोल्डक्रेश फैक्ट्री में सोमवार को एक हादसा हुआ। बिहार के सीवान जिले के बडूवा निवासी 45 वर्षीय मजदूर जयराम गुप्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वे पिछले तीन महीनों से यहां मजदूरी कर रहे थे। मृतक के साथी सुमित कुमार ने […]

You May Like