ट्रंप का दावा, ईरान ने किया था मिनाब में बालिकाओं के स्कूल पर हमला

वॉशिंगटन, 08 मार्च (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के मिनाब शहर में एक स्कूल पर हुए हमले में अमेरिका की जिम्मेदारी से इनकार करते हुए कहा है कि इसे ईरान ने ख़ुद अंजाम दिया था।

इस हमले में 175 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें अधिकांश बच्चे बताए जा रहे हैं। श्री ट्रंप ने कहा कि उनकी राय में यह हमला ईरान की एक त्रुटिपूर्ण मिसाइल के कारण हुआ हो सकता है।

उल्लेखनीय है कि सीएनएन, न्यू यॉर्क टाइम्स और वॉशिंगटन पोस्ट जैसे अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थानों की जांच में अलग निष्कर्ष सामने आए हैं। रिपोर्टों के अनुसार उपग्रह चित्रों और अन्य दृश्य प्रमाणों के आधार पर यह संभावना जतायी गयी है कि 28 फरवरी को इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) के ठिकानों पर अमेरिकी हमलों के दौरान दक्षिणी ईरान के मिनाब शहर में स्थित एक लड़कियों के प्राथमिक विद्यालय को निशाना बनाया गया।

श्री ट्रंप से शनिवार को जब पूछा गया कि क्या अमेरिका इस हमले के लिए जिम्मेदार है, तो उन्होंने कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार यह हमला ईरान द्वारा किया गया था।

इस दौरान अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से भी इस विषय पर सवाल किया गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और यह भी आरोप लगाया कि नागरिकों को निशाना बनाने वाला पक्ष ईरान है। श्री ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान के हथियार सटीक नहीं होते और संभव है कि उसी कारण यह घटना हुई हो।

यह घटना 28 फरवरी से शुरू हुए अमेरिका-इज़रायल और ईरान के बीच युद्ध में अब तक का सबसे घातक एकल हमला मानी जा रही है।

संयुक्त राष्ट्र ने इस हमले की निंदा करते हुए इसे बच्चों, शिक्षा और पूरे समुदाय के भविष्य पर गंभीर हमला बताया है और कहा है कि नागरिकों को कभी भी युद्ध में “दुष्प्रभाव” के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

Next Post

ग्वालियर में आज पहली बार होगा गर्भवती माताओं के लिए अनूठा फैशन शो

Sun Mar 8 , 2026
ग्वालियर: आरजेएन अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल ग्वालियर द्वारा रोटरी क्लब जाग्रति के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक अनूठा कार्यक्रम ‘‘सेलिब्रेटिंग द ब्यूटी ऑफ मदरहूड 2026’’ आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष फैशन शो का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम आज 8 […]

You May Like