जबलपुर: बरेला अंतर्गत पहाड़ीखेड़ा में शनिवार दोपहर गैस सिलेंडर से लदे एक अनियंत्रित ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार दो छात्रों को रौंद दिया।। इस दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। सडक़ हादसे का शिकार दोनों छात्र परीक्षा देने के बाद घर वापसी लौट रहे थे तभी हादसे का शिकार हो गए।
जानकारी के अनुसार ग्राम उमरिया कुड़ारी निवासी हेमंत श्रीपाल (18) अपने मित्र प्रशांत यादव के साथ धनपुरी में कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा देने गया था। परीक्षा खत्म होने के बाद दोनों छात्र अपने भविष्य के सपने संजोए घर वापस लौट रहे थे।
जैसे ही वे पहाड़ीखेड़ा स्थित शिव क्लीनिक के पास पहुंचे, तभी गैस सिलेंडरों से भरे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हेमंत श्रीपाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं प्रशांत यादव के हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुॅची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्जकर लिया है। वहीं इस घटना के बाद से उमरिया में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोककर बुरा हाल है। घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों को यकीन ही नहीं हो रहा है कि उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा।
