उज्जैन।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्री महाकालेश्वर और श्री गोपाल कृष्ण की हम सभी पर विशेष कृपा है। उनके आशीर्वाद से आज उज्जैन और पूरे प्रदेश के खिलाडियों को सौगात मिलने जा रही है। स्पोर्टस कॉम्प्लेक्स में निरंतर उज्जैन में विकास के कार्य हो रहे है। खेल केवल मनोरंजन नहीं बल्कि शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास का सशक्त माध्यम है। खेल अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को उज्जैन में स्व. राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर नानाखेडा स्टेडियम परिसर में 48.71 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले अंतर्राष्ट्रीय स्तर के सिन्थेटिक हॉकी टर्फ और पवेलियन दर्शक दीर्घा के निर्माण कार्य के भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ये बातें कही।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में खेल अधोसंरचना के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है एवं विभिन्न जिलों में नए स्टेडियम, खेल परिसर एवं प्रशिक्षण सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इससे खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उक्त निर्माण कार्य से उज्जैन धीरे-धीरे खेलों का हब बनने की ओर अग्रसर है एवं भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होंगे।
स्व. राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर नानाखेडा स्टेडियम को देखकर विदेशों में स्थित सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम का स्मरण होता है। क्षीर सागर स्टेडियम में देश के अन्य शहरों के हॉकी खिलाडी आकर प्रदर्शन करते थे। अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुसार यहां होंकी सिन्थेटिक टर्फ की आवश्यकता थी जो निकट भविष्य में शीघ्र ही पूर्ण होने जा रही है।
