इंदौर: शहर के सबसे बड़े सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन अनंत चतुर्दशी चल समारोह को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया. एक बस में सवार होकर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, कलेक्टर आशीष सिंह, नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह सहित महापौर परिषद सदस्य और विभागीय अधिकारियों ने पूरे मार्ग का जायजा लिया.
निरीक्षण डीआरपी लाइन से शुरू होकर भंडारी ब्रिज, चिकमंगलूर चौराहा, जेल रोड, एमजी रोड, कृष्णपुरा छत्री, नंदलालपुरा रोड, जवाहर मार्ग, बम्बई बाजार, सीतलामाता बाजार, खजूरी बाजार से होते हुए राजबाड़ा तक किया गया. जगह-जगह रुककर सुरक्षा, सड़कों की स्थिति और व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई.महापौर भार्गव ने कहा कि इंदौर की झांकियां आस्था के साथ-साथ संस्कृति का विराट उत्सव हैं, इसलिए नगर निगम सर्वोत्तम व्यवस्थाएं करेगा.
कलेक्टर सिंह ने निर्देश दिए कि जर्जर भवनों की पहचान कर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, विद्युत तार व अनावश्यक केबल हटाए जाएं तथा मार्ग पर ठेले-गुमटियां न रहें. साथ ही एम्बुलेंस व अग्निशमन दल की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित हो.आयुक्त वर्मा ने बताया कि नगर निगम का विशेष इमरजेंसी दल तैनात रहेगा. अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सिंह ने कहा कि सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी, भीड़ नियंत्रण हेतु बैरिकेडिंग और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी.
