सतना: कोलगवां थाना क्षेत्र के टिकुरिया टोला में होली के दिन बवाल हो गया। यहां समाज विशेष के लोगों ने एक परिवार पर हमला करते हुए पथराव कर दिया। इस दौरान घर के बाहर खड़े 4 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस पहुंची तो मामले को शांत कराते हुए इलाके में पेट्रोलिंग बढ़ाई गई। इस मामले में टिकुरिया टोला निवासी राजेन्द्र प्रसाद प्रजापति पिता राम प्रताप प्रजापति (46)ने अपने पुत्र दीपक प्रजापति और हेमंत प्रजापति के साथ थाना जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। राजेन्द्र ने पुलिस को बताया कि 4 मार्च की दोपहर करीब साढ़े 3 बजे अपने घर में था।
तभी घर के बगल में शैलेन्द्र गुप्ता की किराना दुकान पर गोल्डी मलिक, रजित महतो, समित मलिक, समीर मलिक गाली गलौज कर रहे थे। उन्हें गाली देने से मना किया तो चारों ने अचानक हमला करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर दीपक और हेमंत आए तो उनके साथ भी पत्थर और हाथ मुक्कों से आरोपियों ने मारपीट की। इस बीच आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। सभी आरोपियों ने घर में पथराव किया, मारपीट की और घर के बाहर खड़े चार वाहन एमपी 19 जेडके 6840, एमपी 19 एमएन 3372, एमपी 19 जेडके 4974, एमपी 19 जेडए 4964 को पत्थरों से क्षतिग्रस्त कर दिया।
इनके खिलाफ हुई एफआईआर
कोलगवां थाना पुलिस ने फरियादी राजेन्द्र प्रसाद प्रजापति पिता राम प्रताप प्रजापति (46) निवासी टिकुरिया टोला की रिपोर्ट पर आरोपी गोल्डी मलिक, रजित महतो, सुमित मलिक, समीर मलिक, सागर मलिक, रजत मलिक, लकी समुद्रे, बिट्टू मलिक, गोलू मलिक, राहुल मलिक, कल्लू मलिक के खिलाफ अपराध कायम कर विवेचना में लिया है।
