गोविंद नगर। गोविंद नगर में आयोजित विद्या भारती मध्यक्षेत्र की क्षेत्रीय कार्यकारिणी बैठक में शिक्षा के माध्यम से समाज सुधार के संकल्प को दोहराया गया। मुख्य वक्ता क्षेत्रीय संगठन मंत्री अखिलेश मिश्रा ने कहा कि विद्या भारती ‘पंच परिवर्तन’ के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही है। उन्होंने जोर दिया कि लाखों विद्यार्थी, आचार्य और पूर्व छात्र स्वदेशी, नागरिक कर्तव्य और सामाजिक समरसता के वाहक बनकर कार्य कर रहे हैं।
बैठक में पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण अभियानों की समीक्षा के साथ-साथ भारत-केंद्रित नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। श्री मिश्रा ने बताया कि सरस्वती शिशु मंदिर भारतीय अध्यात्म आधारित शिक्षा पद्धति को पुनर्जीवित कर रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन प्रकाश चंद्र धनगर ने किया, जबकि स्वागत शिरोमणि दुबे और रामजी भावसार ने किया। अंत में, विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों ने संगठनात्मक मजबूती और राष्ट्रभावना के विकास का संकल्प लिया।
