
विदिशा। सीनियर सिटिजन की समस्याओं के निराकरण के लिए पुलिस पंचायत की शुरूआत की गई है जिसमें हर बुधवार को बुजुर्ग अपनी परेशानी लेकर आ रहे हैं जहां पर उनकी परेशानियों का समाधान किया जा रहा है.गंज बासौदा निवासी एक सीनियर सिटिजन ने पंचायत में बताया कि लगभग 7 वर्ष पूर्व उन्होंने अपने करीब 2 किलो चांदी के जेवर एक व्यक्ति को गिरवी रखकर कुल 33 हलार लिए थे. इस बीच उन्होंने 5 हजार वापस भी कर दिए, अब जब वह अपने जेवर वापस लेने गए तो सामने वाले ने जेवर लौटाने से मना कर दिया और रकम डूब जाने की बात करने लगा. प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए इसे आगामी सुनवाई के लिए निर्धारित किया तथा अनावेदक की उपस्थिति अनिवार्य की गई, जिससे निष्पक्ष निर्णय लिया जा सके. एक सीनियर सिटिजन दंपत्ति ने बताया कि पहले उन्हें दवाइयों पर लगभग 7 हजार मासिक खर्च करना पड़ता था. लेकिन पंचायत के कार्ड से तथा मां मेडिकल के साथ हुए एमओयू के चलते अब उन्हें 20 प्रतिशत छूट मिल रही है, जिससे प्रति माह लगभग 1 हजार 500 की बचत हो रही है. वहीं एक अन्य मामले में एक सीनियर सिटिजन ने शिकायत की थी कि उनका पुत्र नशे की हालत में उन्हें और परिवार को परेशान करता है तथा घर में मारपीट व झगड़े करता है. पंचायत द्वारा परामर्श देने के साथ-साथ पुलिस को भी उनके घर भेजकर स्थिति संभाली गई. एक बुजुर्ग महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बहू उन्हें झगड़ा, मारपीट एवं अपमानित करती है और अभद्र भाषा का प्रयोग करती है। पंचायत ने बुजुर्ग महिला, उनके बेटे और बहू तीनों को बुलाकर लंबी चर्चा और परामर्श किया. बैठक अतिरिक्त एएसपी डॉ. प्रशांत चौब. सचिन गर्ग, अतुल शाह, आरके कुलश्रेष्ठ, प्रमोद व्यास, दिनेश वाजपेयी, अजय टंडन एवं विनोद शाह की उपस्थिति हुई.
