भारत जीवंत सभ्यता, समृद्ध विरासत और विविध अनुभवों का संगम-शेखावत

जयपुर, 04 मार्च (वार्ता) केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने भारत को हजारों वर्षों की जीवंत सभ्यता, समृद्ध विरासत और विविध अनुभवों का संगम बताया है और कहा है इसका लक्ष्य पर्यटन को आर्थिक प्रगति के साथ सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक समरसता का आधार बनाना है।

श्री शेखावत ने मंगलवार को जर्मनी की राजधानी बर्लिन में आयोजित आईटीबी बर्लिन, 2026 में विश्व समुदाय के समक्ष भारत की पर्यटन नीति और दूरदृष्टि को विस्तार से रखा और इस दौरान यह उद्गार व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि भारत केवल भ्रमण का स्थान नहीं, बल्कि हजारों वर्षों की जीवंत सभ्यता, समृद्ध विरासत और विविध अनुभवों का संगम है। उन्होंने रेखांकित किया कि सतत और समावेशी पर्यटन ही भविष्य का मार्ग है।

यहां जारी सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार उन्होंने पर्यटन मंत्रियों के शिखर सम्मेलन में कहा कि उभरते पर्यटन क्षेत्रों को उनकी पूर्ण क्षमता तक पहुंचाने के लिए सुनियोजित प्रयास आवश्यक हैं। भारत सरकार आधारभूत संरचना के विकास, स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी, पर्यावरण संरक्षण और संतुलित क्षेत्रीय विकास पर विशेष बल दे रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यटन को रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सुदृढ़ीकरण का माध्यम बनाया जा रहा है।

आईटीबी बर्लिन में भारत मंडपम के उद्घाटन अवसर पर श्री शेखावत ने कहा कि यह मंच विभिन्न राज्यों, उद्यमियों और अंतरराष्ट्रीय सहभागियों को संवाद तथा सहयोग का अवसर प्रदान करता है। भारत अपनी सांस्कृतिक धरोहर, आध्यात्मिक परंपराओं, वन्य जीवन, प्राकृतिक सौंदर्य और स्वास्थ्य पर्यटन की विशिष्टताओं को विश्व के समक्ष प्रस्तुत कर रहा है।

आईटीबी बर्लिन 2026 में भारत की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया है कि देश वैश्विक पर्यटन जगत में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

 

Next Post

भजनलाल ने आमजन के साथ खेली होली

Wed Mar 4 , 2026
जयपुर 04 मार्च (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को यहां आमजन के साथ परम्परागत एवं हर्षोल्लास के साथ होली मनाई। श्री शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर होली महोत्सव में प्रदेशभर से आये लोगों के साथ होली खेली और उन्हें होली की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री […]

You May Like