इंदौर: एमजी रोड क्षेत्र स्थित कृष्णपुरा छत्री के पास गुरुवार को बेसुध हालत में मिली महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई. मामले में परिजनों ने पति पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.पलासिया थाना क्षेत्र में रहने वाली सीमा उर्फ नीता प्रजापत गुरुवार को अपने घर से लापता हो गई थी. कुछ समय बाद वह कृष्णपुरा छत्री के पास अचेत अवस्था में मिली थी, परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया था, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
परिजनों ने पुलिस को बताया कि सीमा का भाई अमन उसे अस्पताल लेकर गया था. शुक्रवार को मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि महिला घरेलू विवाद से परेशान थी और पति द्वारा लगातार मारपीट व प्रताड़ना की जा रही थी. इसी कारण वह घर से निकल गई थी. परिजनों का कहना है कि मृतका के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं, जिससे मामले को संदिग्ध माना जा रहा है. मृतका के पति शक्ति प्रजापत हलवाई का काम करता है. दंपति के एक बेटा और एक बेटी हैं. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा लिया है और मामले की जांच विभिन्न पहलुओं पर की जा रही है.
