नयी दिल्ली 01 मार्च (वार्ता) कप्तान सिकंदर रजा (73 ) और क्लाइव मडांडे (नाबाद 26) की शानदार पारी की बदौलत जिम्बाब्वे ने रविवार को टी-20 विश्वकप के सुपर आठ मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सात विकेट पर 153 रन का स्कोर बनाया। आज यहां जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और उसने 28 के स्कोर तक अपने दो विकेट गंवा दिये। टी. मारूमानी (सात), ब्रायन बेनेट (15) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद डिओन मेयर्स और सिकंदर रजा की जोड़ी ने पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 38 रन जोड़े। नौवें ओवर में जॉर्ज लिंडे ने डिओन मेयर्स (11) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। रॉयन बर्ल (पांच) और टोनी मोनियोंगा (दो) रन बनाकर आउट हुये। 17वें ओवर में वेना मफाका ने तेजी के साथ रन बना रहे सिकंदर रजा को आउट कर पवेलियन भेज दिया। सिकंदर रजा ने 43 गेंदों में आठ चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 73 रनों की विस्फोटक पारी खेली। पारी के आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर ब्रैड इवांस (8) रन बनाकर आउट हुये। जिम्बाब्वे ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 153 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। क्लाइव मडांडे ने 20 गेंदों में तीन चौके लगाते हुए नाबाद 26 रनों की पारी खेली।
दक्षिण अफ्रीका के लिए वेना मफाका और कॉर्बिन बॉश ने दो-दो विकेट लिये। जॉर्ज लिंडे, लुंगी एन्गिडी और एनरिक नॉर्टे ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

