इंदौर: विजयनगर पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे की हालत में यात्रियों से भरी बस चला रहे चालक को गिरफ्तार कर बस जब्त कर ली. जांच में सामने आया कि वाहन बिना परमिट के चला रहा था.विजयनगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि शनिवार की रात विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया था, रात करीब एक बजे रसूमा चौराहे की ओर से आ रही बस नम्बर एमपी 09 एफए 6155 को संदिग्ध रूप से तेज व लापरवाहीपूर्वक चलाते देखा, तुरंत बस को रुकवाकर जांच की.
बस का ड्रायवर 45 वर्षीय राधेश्याम माली निवासी देवास का ब्रेथ एनालाइजर परीक्षण किया गया, जिसमें 78.9 एमजी/100 एमएल अल्कोहल पाया गया. जो तय सीमा से काफी अधिक है. उस समय बस में यात्री सवार थे, जिससे उनकी जान जोखिम में पड़ सकती थी. जब दस्तावेजों की जांच में बस का परमिट भी नहीं बता पाया. पूछताछ में सामने आया कि वाहन मालिक द्वारा बिना परमिट बस का संचालन कराया जा रहा था. पुलिस ने चालक व वाहन मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर बस को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
