
नयी दिल्ली, 28 फरवरी (वार्ता) ईरान पर अमेरिका और इजरायल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई से उत्पन्न स्थिति को देखते हुए ईरान, इजराइल और कतर स्थित भारतीय दूतावासों ने वहां मौजूद भारतीय नागरिकों को अत्यधिक सावधानी बरतने की सलाह दी है और एक परामर्श जारी कर आपात स्थिति में दूतावासों से आपात टेलीफोन नम्बरों तथा इमेल पर संपर्क करने को कहा है। कतर की राजधानी दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने कहा है कि सभी भारतीय नागरिकों को उचित सावधानी बरतने तथा दूतावास और स्थानीय प्राधिकरणों द्वारा समय-समय पर जारी समाचार और परामर्शों का पालन करने की सलाह दी जाती है। भारतीय नागरिक दिन-रात काम करने वाले हेल्पलाइन नंबर 00974-55647502 और दूतावास के ईमेल cons.doha@mea.gov.in पर संपर्क कर सकते हैँ। दूतावास ने कहा है कि सभी नागरिक स्थानीय प्राधिकरणों द्वारा जारी आपातकालीन अलर्ट का पालन करें। जन सुरक्षा के हित में सभी से आग्रह है कि सैन्य स्थलों के आसपास जाने से बचें, घर या अन्य किसी भी भवन के अंदर रहें, और अत्यंत आवश्यक होने पर ही बाहर निकलें या आवागमन करें, ताकि किसी भी संभावित जोखिम से बचा जा सके।
ईरान की राजधानी तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने परामर्श में कहा है, ” बदलते घटनाक्रम के मद्देनजर ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को अत्यंत सावधानी बरतने, अनावश्यक आवाजाही से बचने और यथासंभव घरों के भीतर रहने की सलाह दी जाती है।” परामर्श में संबंधित समाचारों पर नजर रखते हुए स्थिति के बारे में जागरूक रहने और दूतावास की ओर से अगले आदेश की प्रतीक्षा करने की भी सलाह दी गयी है। लोगों से आपात स्थिति में 989128109115, 989128109109, 989128109102 और 989932179359 पर संपर्क करने के लिए कहा गया है। इजरायल के तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास ने क्षेत्र की मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए इजरायल में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को बेहद सावधानी बरतने और हमेशा सजग रहने की सलाह दी है। उनसे स्थानीय सरकार के निर्देशों का पालन करने तथा चिह्नित शरणस्थलों के पास रहने के लिए कहा गया है। दूतावास ने कहा है कि भारतीय नागरिकों को अगले नोटिस तक इजरायल के भीतर किसी भी तरह की गैर-जरूरी यात्रा से बचना चाहिये। उनसे स्थानीय समाचारों, आधिकारिक घोषणाओं और आपात अलर्ट पर नजर रखने के लिए कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति के लिए दो हेल्पलाइन नंबर 972-54-7520711 और 972-54-2428378 जारी किये गये हैं।
