जबलपुर: सिर पर काल बनकर लटक रहे चालू बिजली लाइन के तारों के झुंड और मौत के साये के बीच से इन दिनों नवनिवेश कॉलोनी रूद्राक्ष पार्क के पास रहने वाले लोग प्रतिदिन डरे सहमे से गुजर रहे हैं। ये लोग प्रतिदिन अपनी जिंदगी अपने हाथों में लेकर सिर्फ भगवान ये दुआ करते हुए नवनिवेश कॉलोनी रूद्राक्ष पार्क के सामने वाली सड़क से गुजरते हैं कि भगवान ऊपर मौत बनकर मौजूद चालू लाइन के तारों के झुंड में से कभी भी कोई तार टूटकर नीचे न गिरे।
नवनिवेश कॉलोनी रूद्राक्ष पार्क के सामने वाली रोड से प्रतिदिन निकलने वाले चिरौंजी साहू, अन्नीलाल सेन, जितेंद्र साहू ,शुभम साहू ,चंदन कोरी ने नवभारत से कहा कि बीते 10 दिनों से बिजली के तारेां का झुंड सड़क से बिल्कुल नजदीक आकर लटक गया है और इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं वहीं बड़े वाहन भी इस मार्ग से गुजरते हैं, ऐसे में दुर्घटना को जिम्मेदारों द्वारा खुला निमंत्रण दिया गया है। स्थानीयजनों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि लटक रहे तारों को व्यवस्थित किया जाए जिससे बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके।
इन जगहों के लिए भी गुजरते है लोग
जानकारी के अनुसार नवनिवेश कॉलोनी रूद्राक्ष पार्क के सामने से सड़क भूकंप कॉलोनी, दुर्गा नगर ,श्याम नगर, शांति नगर, महावीर नगर की ओर जाती है जिसमें प्रतिदिन हजारों लोग इस मार्ग से आवागमन करते हैं। इसके साथ ही छोटे छोटे स्कूली बच्चों को स्कूल लाने ले जाने के लिए वैन, ऑटो भी इसी मार्ग से चलते हैं, ऐसे में स्थानीयजनों को डर हमेशा बना रहता है कि कहीं ये चालू बिजली के तार किसी स्कूली वैन पर गिर गया तो किसी बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता।
