शिक्षक ने छात्र को पीटा, सुनाई देना हुआ बंद

जबलपुर: शहर के सांदीपनि शा.उ.मा. विद्यालय, मेडीकल में एक शिक्षक द्वारा छात्र से कथित मारपीट का मामला सामने आया है। कक्षा 10वीं के छात्र श्लोक विश्वकर्मा के परिजनों ने विद्यालय के शिक्षक बालकृष्ण तिवारी पर बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगाया है। जिससे उसके एक कान में चोट आई है और सुनाई देना भी बंद हो गया है। छात्र के पिता शरद विश्वकर्मा ने बताया कि 21 फरवरी 2026 को उसके बेटे का दसवीं कक्षा में प्रैक्टिकल था, कक्षा में कोई शिक्षक ना होने के कारण छात्र आपस में शरारत कर रहे थे, जिसे देखने के बाद शिक्षक बालकृष्ण ने श्लोक के साथ मारपीट कर दी। जिससे उसके एक कान में अंदरूनी चोट पहुंची है, जिससे उसे सुनाई नहीं दे रहा है।
प्राचार्य से की शिकायत
छात्र के साथ मारपीट होने के बाद विद्यालय द्वारा शिक्षक के ऊपर कोई कार्यवाही ना की जाने पर छात्र के पिता ने गुरुवार को विद्यालय प्राचार्य को लिखित शिकायत देकर उचित कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद से छात्र मानसिक रूप से भयभीत और तनावग्रस्त बताया जा रहा है, जिसका असर उसकी पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। परिजनों ने दोषी शिक्षक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इनका कहना है
मामले की जानकारी फोन पर लगी है, जैसे ही शिकायत मुझ तक पहुंचेगी, उसके बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।
घनश्याम सोनी, जिला शिक्षा अधिकारी

Next Post

अवैध एलपीजी रिफिलिंग पर प्रशासन की चुप्पी

Fri Feb 27 , 2026
जबलपुर: शहर में अवैध एलपीजी रिफिलिंग और घरेलू गैस सिलेंडरों के कमर्शियल उपयोग को लेकर ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन ने जिला प्रशासन और खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। संस्था के मध्य प्रदेश राज्य प्रमुख संदीप गुप्ता ने आरोप लगाया कि पूर्व में हुई गैस दुर्घटनाओं के […]

You May Like

मनोरंजन