
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वरिष्ठ वामपंथी नेता आर नल्लाकन्नू के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि थिरु आर. नल्लाकन्नू को उनके जमीनी जुड़ाव और वंचितों, मजदूरों तथा किसानों की आवाज उठाने के प्रयासों के लिए हमेशा याद किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि नल्लाकन्नू समाज के हर वर्ग में व्यापक रूप से सम्मानित थे। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में कमजोर और हाशिए पर खड़े लोगों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया और सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता दी।
प्रधानमंत्री ने उनकी सादगी को भी विशेष रूप से उल्लेखनीय बताया। उन्होंने कहा कि सरल जीवनशैली और सिद्धांतों के प्रति अटूट निष्ठा ने उन्हें लोगों के बीच विशिष्ट पहचान दिलाई।
प्रधानमंत्री मोदी ने दिवंगत नेता के परिवारजनों और उनके प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं।
