
ग्वालियर। केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज शुक्रवार को ग्वालियर संभाग के प्रवास के दौरान अशोकनगर के सेमरा डोंगरा, बिला खेड़ी में दो नए 33/11 के.वी. विद्युत उपकेंद्रों का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र के हजारों ग्रामीण परिवारों को स्थायी, गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि इस जिले में उन्होंने कुल 23 नए विद्युत उपकेन्द्र बनवा दिए हैं जिनमें से 15 तो पिछले 15 जिलों में लगे हैं।
सिंधिया ने जनता को संबोधित कहा कि आज का यह अवसर केवल ईंट और पत्थर का नहीं, बल्कि उज्जवल भविष्य की नींव रखने का क्षण है। इन उपकेंद्रों से हमारे किसानों के खेतों में रोशनी फैलेगी, हमारे बच्चों की पढ़ाई बिना रुकावट जारी रहेगी, और हमारे छोटे उद्योगों को निरंतर ऊर्जा प्राप्त होगी। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसके तहत हर घर तक विश्वसनीय और सस्ती बिजली पहुंचाना हमारा संकल्प है। सेमरा डोंगरा उपकेंद्र की लागत 2.91 करोड़ है। इसमें 9 किलोमीटर 33 के.वी. लाइन और 0.7 किलोमीटर 11 के.वी. लाइन बिछाई जाएगी। यह उपकेंद्र अमी बोगरा, सेमरा, बारखेड़ी फतेहपुर, गीरी, माह, आतमपुर और घडली जैसे 7 गाँवों को लाभान्वित करेगा, जिससे लगभग 13,000 लोगों को स्थायी बिजली की सुविधा मिलेगी। इस परियोजना से राजपुर उपकेंद्र पर दबाव कम होगा और वोल्टेज की पुरानी समस्या समाप्त हो जाएगी।
*जनता ने जीएसटी बचत उत्सव का उठाया फायदा, की रिकॉर्ड खरीदारीः सिंधिया*
इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ने जीएसटी बचत उत्सव की भी बात की। सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरे देश को जीएसटी दर कम कर दिवाली का उपहार दिया है। इस जीएसटी बचत उत्सव के तहत पूरे क्षेत्र और मध्यप्रदेश में इस बार रिकॉर्ड बिक्री हुई है। मोबाइल से लेकर ऑटोमोबाइल तक और गाड़ियों से लेकर ट्रैक्टर तक हर चीज की रिकॉर्डतोड़ खरीददारी हुई है। यह जनता को मिले उपहार की स्वीकृति ही है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। लोगों ने सिंधिया का स्वागत करते हुए उन्हें क्षेत्र के सतत विकास के लिए धन्यवाद दिया।
