
मुलताई। संघ के जिला प्रचारक शिशुपाल यादव पर गुरुवार शाम समुदाय विशेष के लोगों द्वारा किए गए हमले के बाद नगर में तनाव फैल गया था। घटना के बाद हिंदू संगठनों ने थाने के सामने विरोध प्रदर्शन करते हुए टायर जलाए और नारेबाजी की। स्थिति बिगड़ते देख कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन और एएसपी कमला जोशी ने देर रात मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। नगर में शांति बनाए रखने के लिए प्रशासन ने भारतीय नागरिक संहिता की धारा 163 (पूर्व 144) लागू कर दी।
पुलिस ने हमले के मामले में 15 आरोपियों के खिलाफ धारा 126(2), 191(2), 191(3), 296, 109, 310(2), 351(3), 302 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें से तीन आरोपी, शाहरुख, आबिद और शोहल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस पर गिरी गाज:
घटना में लापरवाही पाए जाने पर एसपी वीरेंद्र जैन ने मुलताई टीआई देवकरण डहेरिया को लाइन अटैच कर दिया, जबकि उपनिरीक्षक छत्रपाल धुर्वे और रघु कोकाड़े को निलंबित कर दिया गया है। आठनेर टीआई नरेंद्र सिंह परिहार को मुलताई का नया थाना प्रभारी बनाया गया है।
शांति पूर्ण रहा बंद:
शुक्रवार को हिंदू संगठनों के आह्वान पर मुलताई बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। मेडिकल स्टोर्स को छोड़कर सभी दुकानें बंद रहीं। नगर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए बैतूल, छिंदवाड़ा, हरदा, पांढुर्णा और नर्मदापुरम से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। जुमे की नमाज के दौरान भी मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए।
